Jharkhand Road Accident: सिमडेगा में पलटी कार, एक की मौत, 3 घायल; अलग-अलग सड़क हादसों में 2 की मौत
Simdega Road accident सिमडेगा जिले में 2 अलग- अलग सड़क हादसों में 2 लोगों की जान चली गई। शहर के कोलेबिरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमडेगा-रांची मुख्य पथ पर लरबा गांव के समीप अल्टो कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
संवाद सूत्र, कोलेबिरा(सिमडेगा)। झारखंड के सिमडेगा जिले में 2 अलग- अलग सड़क हादसों में 2 लोगों की जान चली गई। शहर के कोलेबिरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमडेगा-रांची मुख्य पथ पर लरबा गांव के समीप अल्टो कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इसमें एक की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए।
कैसे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार रांची बूटी मोड़ निवासी विजय कुमार साहू व उनकी पत्नी सरिता साहू अपने दो बच्चे अहन कुमार साहू व अयान कुमार साहू के साथ संबलपुर में शादी समारोह में भाग लेने के लिए जा रहे थे। जैसे ही वे लरबा गांव के समीप पहुंचे, कार अनियंत्रित होकर मिट्टी के ढेर से टकराते हुए पलट गई। इससे कार में बैठे परिवार गंभीर रूप से घायल हो गए।
इसके बाद स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से ऑटो में बिठा कर कोलेबिरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां इलाज के दौरान सरिता देवी (35 वर्ष) की मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल दोनों बच्चों का चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक इलाज किया गया।
गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें रांची रेफर कर दिया। सरिता के शव के पास पति विजय कुमार साहू के रूदन को देख पूरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर गमगीन हो गया। कोलेबिरा पुलिस सूचना मिलने पर शव को अपने कब्जे में लेते हुए थाने ले आई। मामले की छानबीन की जा रही है।
अज्ञात कार की टक्कर से शिक्षिका की मौत
इधर ड्यूटी जा रही एक शिक्षिका रेशमा बा: की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। मृतक शिक्षिका रेशमा बा: जोराम स्कूल में पदस्थापित थीं। शनिवार की सुबह सिमडेगा के ठाकुरटोली स्थित आवास से ठेठईटांगर के जोराम स्कूल जा रही थीं। इसी क्रम में ठेठईटांगर थाना क्षेत्र के बाड़ा पेट्रोल पंप के समीप अज्ञात कार ने उसे पीछे से धक्का मार दी।
घायल अवस्था में उसे थाना प्रभारी कुमार इंद्रेश ने रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा। सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद शिक्षा जगत में शोक की लहर है।
कांग्रेस कार्यकर्ता की बहन थी मृतका
बताया गया कि मृतक शिक्षिका कांग्रेस कार्यकर्ता सागर केरकेट्टा की बहन थीं। जिला परिषद सदस्य जोसिमा खाखा ने भी शिक्षिका के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है।उन्होंने दिवंगत शिक्षिका के आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्राथना की है।
दोनों विधायक समेत कई लोग पहुंचेघटना की जानकारी मिलने पर विधायक भूषण बाड़ा,कोलेबिरा विधायक विक्सल कोंगाड़ी, एसडीईओ बादल राज, कांग्रेस जिलाध्यक्ष डेविड तिर्की, शिक्षक संघ के अध्यक्ष प्रेम शर्मा सहित कई लोग सदर अस्पताल पहुंचे।
साथ ही परिजनों को ढांढस बंधाते हुए हर सम्भव सहयोग करने का आश्वासन दिया। दोनों विधायक ने कहा कि इस दुःख की घड़ी में वे दिवंगत स्वजन के साथ खड़े हैं। विधायकों ने मृतक शिक्षिका के शव का जल्द पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंपने का निर्देश दिया।