तिलोपदा के ग्रामीणों ने श्रमदान कर बनाई सड़क
कुचाई प्रखंड स्थित तिलोपदा गांव के ग्रामीणों ने श्रमदान कर डेढ़ किमी. सड़क का निर्माण किया है। ग्रामीणों ने हिटलर बानरा के घर के समीप से नहर की पुलिया तक श्रमदान कर सड़क का निर्माण किया है..
संवाद सूत्र, खरसावां : कुचाई प्रखंड स्थित तिलोपदा गांव के ग्रामीणों ने श्रमदान कर डेढ़ किमी. सड़क का निर्माण किया है। ग्रामीणों ने हिटलर बानरा के घर के समीप से नहर की पुलिया तक श्रमदान कर सड़क का निर्माण किया है। ग्रामीणों ने बताया कि इस वर्ष तीसरी बार श्रमदान कर सड़क का निर्माण किया गया है। इससे पूर्व भी दो बार श्रमदान कर सड़क का निर्माण किया गया था। ग्रामीण देवचरण बानरा ने बताया कि गांव तक पहुंचने के लिए यह मुख्य सड़क है। सड़क निर्माण कराने की मांग को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों को लिखित आवेदन दिया गया, फिर भी किसी ने ग्रामीणों की इस समस्या का समाधान नहीं किया। मौके पर देवचरण बानरा, डुबराय हेंब्रम, संयोग बानरा, साधु चरण बानरा, जयंत दोंगो, गुरूदेव दोंगो समेत कई ग्रामीण उपस्थित थे। खरसावां में हाथी ने तोड़ा स्कूल का दरवाजा : रविवार की रात हाथी ने सिदमाकुदर में उत्क्रमित मध्य विद्यालय के लोहे के दरवाजे को तोड़ दिया। स्कूल के शिक्षक ने इस घटना की जानकारी वन विभाग के अधिकारियों को दे दी है। सोमवार को वन विभाग की टीम ने इस घटना का जायजा लिया। दर्शन सिंह हाईबुरू बने आजसू के प्रखंड अध्यक्ष : खुंटपानी प्रखंड के कुस्तुईया गांव में सोमवार को आजसू पार्टी के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष कृष्णा केसरी की अध्यक्षता में बैठक हुई, जिसमें पार्टी की मजबूती पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में आजसू पार्टी के पूर्व प्रत्याशी संजय जारिका, खरसावां विधानसभा प्रभारी रामरतन महतो व खरसावां प्रखंड अध्यक्ष शिव कुमार शाह उपस्थित थे। इस दौरान खुंटपानी प्रखंड कमेटी का पुनर्गठन किया गया, जिसमें सर्वसम्मति से प्रखंड अध्यक्ष के रूप में दर्शन सिंह हाईबुरू को मनोनीत किया गया। वहीं उपाध्यक्ष लखन पूर्ति, सचिव नरांगा पूर्ति, सह सचिव घनश्याम बानरा, कोषाध्यक्ष कालीचरण तांती, कार्यकारी अध्यक्ष सुनील हाईबुरू को मनोनीत किया गया। कार्यकारिणी सदस्य में अंतु हेंब्रम, कुना बांकिरा, संजय तांती, लालसिंह गोप, डिबाई हेंब्रम, कृष्णा बानरा, बामिया पूर्ति, कृष्णा पूर्ति, राजू जामुदा, बबलू पूर्ति, शिवा होनहागा, भागीरथी पूर्ति आदि को रखा गया है।