महिलाओं को मिला कौशल विकास का प्रशिक्षण
उत्क्रमित मध्य विद्यालय सरायकेला वार्ड नंबर चार में रविवार को महिलाओं को कौशल विकास की ट्रेनिंग दी गई।
जागरण संवाददाता, सरायकेला : उत्क्रमित मध्य विद्यालय सरायकेला वार्ड नंबर चार में रविवार को सेतु बिहार आईटीआई के परमानंद मोदी एवं भाजपा युवा मोर्चा के चंदन महतो के के संयुक्त सौजन्य से ग्रामीण कौशल विकास योजनांतर्गत महिलाओं का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में सरायकेला के पूर्व विधायक अनंतराम टुडू उपस्थित थे। प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए अनंतराम टुडू ने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त कर महिलाएं स्वरोजगार से जुड़ते हुए आत्म निर्भर हो सकती हैं। केंद्र एवं राज्य सरकार महिलाओं का उत्थान एवं स्वरोजगार से जोड़ने के लिए अनेकों योजनाएं चला रही है। महिलाएं योजना का लाभ ले और आत्मनिर्भर बनें। वे महिलाओं को सरकारी योजना का लाभ दिलाने में अपने स्तर से हर संभव सहयोग करेंगे। आईटीआई के परमानंद मोदी ने महिलाओं को कुटीर उद्योग संबंधी प्रशिक्षण के तहत अगरबत्ती, साबुन, तेल बनाने की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण कार्यक्रम में लगभग डेढ़ सौ महिलाओं ने भाग लिया।