मांझी टोला गोलीकांड मामले में तीन अपराधी गिरफ्तार
गुरुवार की शाम आदित्यपुर थाना क्षेत्र स्थित मांझी टोला में हुए गोलीकांड मामले में पुलिस ने शनिवार को तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। इस मामले में पुलिस ने विकास कुमार सिंह चंदन प्रसाद व उपेंद्र कुमार मंडल को 7.65 एमएम के देसी पिस्टल व एक खोखा के साथ गिरफ्तार किया था..
जागरण संवाददाता, सरायकेला : गुरुवार की शाम आदित्यपुर थाना क्षेत्र स्थित मांझी टोला में हुए गोलीकांड मामले में पुलिस ने शनिवार को तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। इस मामले में पुलिस ने विकास कुमार सिंह, चंदन प्रसाद व उपेंद्र कुमार मंडल को 7.65 एमएम के देसी पिस्टल व एक खोखा के साथ गिरफ्तार किया था।
एसपी मो. अर्शी ने बताया कि पुलिस की गिरफ्त में आए विकास कुमार सिंह का अपराधिक इतिहास रहा है। वह पूर्व में भी जेल जा चुका है। ज्ञात हो कि गुरुवार की शाम कृष्णा कर्मकार नामक युवक को गोली लगी थी। उसके बाद गोपनीय तरीके से उसे टाटा मुख्य अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां चिकित्सकों ने एक्स-रे के दौरान उसे गोली लगने की पुष्टि की थी। उसके बाद इस मामले की जानकारी आदित्यपुर थाना पुलिस को दी गई थी। आदित्यपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर 24 घंटे के अंदर इस घटना में शामिल तीनों अपराध कर्मियों को घटना में प्रयुक्त हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है कि आपसी रंजिश में अपराधियों ने कृष्णा को गोली मारी थी। पुलिस कृष्णा के अपराधिक इतिहास को खंगालने में जुटी हुई है। फिलहाल कृष्णा का इलाज टाटा मुख्य अस्पताल में चल रहा है। खलिहान में लगी आग, हजारों रुपये का पुआल जलकर खाक : शनिवार की दोपहर बड़ा सिजुलता गांव में नीरोध महाकुड़ के खलियान में रखे पुआल में अचानक आग लग गई और खलिहान में रखे पुआल जलकर राख हो गए। ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया गया। निरोध महाकुड़ ने बताया कि इस घटना से उन्हें लगभग 20 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। स्वजनों ने बताया कि आगलगी की घटना के समय घर पर कोई नहीं था। घर के सभी सदस्य रिश्तेदार के यहां गए हुए थे। स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाया गया। हालांकि आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।