खलिहान में रखे तीन एकड़ खेत का धान जलकर राख
जागरण संवाददाता, सरायकेला : सरायकेला अंचल के गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत बड़ा कांकड़ा पंचायत के नवाडीह में बुधवार को दोपहर साढ़े चार बजे के लगभग किस्टो महतो के खलिहान में रखे तीन एकड़ खेत का धान जल कर राख हो गया।
जागरण संवाददाता, सरायकेला : सरायकेला अंचल के गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत बड़ा कांकड़ा पंचायत के नवाडीह में बुधवार को दोपहर साढ़े चार बजे के लगभग किस्टो महतो के खलिहान में रखे तीन एकड़ खेत का धान जल कर राख हो गया। जले धान की कीमत पचास हजार रुपये थी। किस्टो महतो ने बताया कि उनके पास मात्र तीन एकड़ खेत हैं जहां धान की खेती करते हैं। महतो ने बताया कि कड़ी मेहनत का उन्होंने धान की फसल तैयार की और फसल तैयार होने पर उन्होंने धान काट कर झाड़ने के लिए अपने खलियान में रखा था। बुधवार को अपने घर पर थे। इस बीच साढ़े चार बजे ग्रामीणों ने देखा कि खलिहान में आग लगी है और धू-धू कर धान जल रहा है। लोगों के बताने पर किस्टो अपने खलिहान की ओर दौड़े और आग बुझाने लगे। इस बीच गांव के लोग भी खलिहान पहुंचे और दमकल विभाग को सूचना देते हुए आग बुझाने लगे। सूचना पाकर विभाग के कर्मी घटनास्थल पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग बुझाने में सफल रहे। तब तक पूरा धान जल कर राख हो गया। समय पर आग नहीं बुझाई जाती तो आसपास के घरों में आग लगने की आशंका थी। किस्टो महतो ने प्रशासन से धन का मुआवजा देने की गुहार लगाते हुए कहा कि यही तीन एकड़ जमीन उनका सहारा है। जिसकी फसल से वे अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं।