राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए 80 प्रतिभाओं का चयन
जिला स्तरीय खेल महाकुंभ चयन प्रतियोगिता के तहत बुधवार को सरायकेला में पांच प्रखंड के प्रतिभागियों के बीच खेल प्रतियोगिता आयोजित की गई।
जागरण संवाददाता, सरायकेला : जिला स्तरीय खेल महाकुंभ चयन प्रतियोगिता के तहत बुधवार को सरायकेला अनुमंडल के पांच प्रखंड के प्रतिभागियों के बीच प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें लगभग 95 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। दोनों अनुमंडल के लगभग दो सौ प्रतिभागियों में 40 बालक एवं 40 बालिकाओं का चयन किया गया, जो राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए रांची रवाना होंगे। आज झारखंड सरकार एवं सीसीएल के संयुक्त पहल पर खेल अकादमी में प्रवेश के लिए जिले की खेल प्रतिभाओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में बालक और बालिका उपस्थित थे। बैटरी टेस्ट के तहत बच्चे का वजन, ऊंचाई, वर्टिकल जंप, बॉल थ्रो 30 मीटर शटल रन, 600 मीटर दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
जिला खेल पदाधिकारी प्रवीण कुमार के नेतृत्व में रांची से आई एक तकनीकी समिति प्रभात शर्मा, नरेश कुजूर, दीपक कुमार, अजय मुंडा एवं प्रेम कुमार एवं स्थानीय तकनीकी पदाधिकारियों के सहयोग से इस प्रतियोगिता का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस दौरान चयनित 80 प्रतिभागी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। उनमें से जिन बच्चों का चयन होगा उन्हें राज्य सरकार द्वारा संचालित खेल अकादमी में प्रशिक्षित किया जाएगा। उनकी शिक्षा के साथ- साथ उनके खेल खेल कौशल के विकास की जिम्मेवारी भी सरकार की होगी। आज इस प्रतियोगिता की सफलता में सीमान देशमुख,विरेंद्र पाल, कितेन सोरेन, बलराम महतो, दिगंबर सरदार, दिलीप गुप्ता, धनंजय कालिदी, सुरेश महतो, उमा कुमारी, रीता कुमारी चंद्रावती बैगपाइप, दिवाकर सोरेन कुजरी गागराई सहित दर्जनों तकनीकी पदाधिकारी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।