खरसावां में दिल दहला देने वाली घटना: हड़िया पीने के दौरान विवाद में महिला की हत्या, शव के कई हिस्सों से काटे मांस के टुकड़े
सरायकेला-खरसावां के जोम्बरो गांव में एक व्यक्ति ने आपसी विवाद में धारदार हथियार से एक महिला की हत्या कर दी। ...और पढ़ें

HighLights
सरायकेला-खरसावां में महिला की निर्मम हत्या।
आरोपी ने शव के मांस के टुकड़े काटे।
पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा।
संसू, खरसावां। झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के कुचाई प्रखंड अंतर्गत दलभंगा ओपी क्षेत्र के जोम्बरो गांव के गांडकीदा टोला में मंगलवार की रात एक बेहद खौफनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है।
आपसी विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने धारदार हथियार से हमला कर अपने ही गांव की एक महिला की निर्मम हत्या कर दी। हैरानी और दहशत की बात यह है कि हत्या के बाद आरोपी ने मृतका के हाथ-पैर समेत शरीर के कई अन्य हिस्सों से मांस के टुकड़े भी काट लिए।
बुधवार को इस घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर गुरुवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
मेले से लौटने के बाद शुरू हुआ था विवाद
मृतका की पहचान जोम्बरो गांव निवासी 47 वर्षीय विश्वासी सोय के रूप में हुई है, जबकि आरोपी की पहचान दूर के रिश्ते में मृतका के जेठ लगने वाले 54 वर्षीय पौलुश मुंडा के रूप में हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार को गांव के पास एक मेला लगा था, जहां हॉकी टूर्नामेंट का भी आयोजन किया गया था। विश्वासी सोय आरोपी पौलुश मुंडा की पत्नी के साथ मेले में हड़िया बेचने गई थी।
शाम को पौलुश दोनों के हड़िया के बर्तन बाहंगी में लादकर घर लौट आया। इसके बाद आरोपी और गांव के कुछ अन्य लोग एक साथ बैठकर शराब पीने लगे।
देर रात अन्य लोग तो अपने-अपने घर चले गए, लेकिन विश्वासी सोय वहीं रुक गई। इसी दौरान किसी बात को लेकर विश्वासी और पौलुश के बीच तीखा विवाद हो गया।
विवाद इतना बढ़ गया कि पौलुश ने तैश में आकर धारदार हथियार से विश्वासी सोय पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
इसके बाद आरोपी ने शव को घर के बाहर लाकर फेंक दिया। ग्रामीण चर्चा के अनुसार, आरोपी ने मृतका के शरीर के विभिन्न हिस्सों से मांस के टुकड़े भी काट लिए थे, जिन्हें पकाकर खाने की तैयारी की जा रही थी।
पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा
बुधवार सुबह जब ग्रामीणों की नजर खून से लथपथ शव पर पड़ी, तो पूरे गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना दलभंगा ओपी पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही ओपी प्रभारी नरसिंह मुंडा पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुँचे और मामले की छानबीन शुरू की।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी की और देर शाम आरोपी पौलुश मुंडा को धर दबोचा। मृतका के पति निर्मल सोय के बयान पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला भेज दिया, जहाँ प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम संस्कार के लिए शव परिजनों को सौंप दिया गया।
दलभंगा ओपी प्रभारी नरसिंह मुंडा ने बताया कि आपसी विवाद में पौलुश मुंडा ने धारदार हथियार से वार कर विश्वासी सोय की हत्या की थी और शव के साथ अमानवीय कृत्य किया गया था। पुलिस इस क्रूर घटना के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है।