विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सरायकेला के भालूकपहाड़ी में हाथियों के झुंड ने मचाया तांडव, पांच किसानों की 8 एकड़ धान की फसल चट, मुआवजे की गुहार

Published: Mon, 02 Nov 2026 09:29 PM (IST)

सरायकेला के भालूकपहाड़ी गांव में 14-15 हाथियों के झुंड ने 7-8 एकड़ धान की फसल को बर्बाद कर दिया, जिससे पांच किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

भालूकपहाड़ी गांव में करीब 14 से 15 हाथियों का दल गांव के समीप धान के खेतों में घुस आया और तैयार फसल को भारी नुकसान पहुंचाया।

भालूकपहाड़ी गांव में करीब 14 से 15 हाथियों का दल गांव के समीप धान के खेतों में घुस आया और तैयार फसल को भारी नुकसान पहुंचाया।

HighLights

  1. 7-8 एकड़ धान की फसल हुई पूरी तरह नष्ट।

  2. मुखिया ने वन विभाग से मुआवजे की मांग की।

जागरण संवाददाता, सरायकेला। सरायकेला प्रखंड के मुंडाटांड़ पंचायत अंतर्गत भालूकपहाड़ी गांव में बीती रात हाथियों के एक झुंड ने जमकर तांडव मचाया। 
 
करीब 14 से 15 हाथियों का दल अचानक गांव के समीप धान के खेतों में आ धमका और लहलहाती तैयार फसल को भारी नुकसान पहुंचाया। 
 
हाथियों के इस दल ने लगभग सात से आठ एकड़ भूमि में लगी धान की फसल को पूरी तरह रौंदकर और खाकर बर्बाद कर दिया। ठीक कटाई के समय इस तरह फसल के नष्ट होने से प्रभावित किसानों को गहरी आर्थिक क्षति पहुंची है।
 

किसकी-किसकी फसल हुई बर्बाद? 

मिली जानकारी के अनुसार, हाथियों के इस आक्रामक झुंड ने स्थानीय किसान जग्गू महतो, नकुल महतो, गोवर्धन महतो, छोटू लाल महतो और योगिंदर महतो के खेतों को अपना निशाना बनाया। 
 
इन किसानों ने महीनों की कड़ी मेहनत और लागत लगाकर धान की खेती तैयार की थी, लेकिन हाथियों के पैरों तले फसल के कुचले जाने से उनकी सारी मेहनत पर पानी फिर गया है। 
 
अचानक हुए इस नुकसान से किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें खींच गई हैं और उनके सामने भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है।
 

मुखिया ने वन विभाग से की मुआवजे की मांग 

घटना की सूचना मिलते ही मुंडाटांड़ पंचायत के मुखिया दशरथ माहली ने मौके का जायजा लिया और किसानों को हुए भारी नुकसान पर गहरा दुःख व्यक्त किया। 
 
उन्होंने बताया कि हाथियों के उत्पात और फसल बर्बादी की जानकारी तत्काल वन विभाग के स्थानीय पदाधिकारियों को दे दी गई है। 
 
मुखिया ने वन विभाग से मांग की है कि संकट की इस घड़ी में सभी प्रभावित किसानों का सर्वे कराकर उन्हें जल्द से जल्द उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि वे इस आर्थिक नुकसान से उबर सकें।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।