खरसावां-रड़गांव सड़क निर्माण की धीमी गति पर विधायक नाराज
खरसावां विधायक दशरथ गागराई ने शुक्रवार को पथ निर्माण विभाग के अभियंता के साथ खरसावां-रड़गांव सड़क का निरीक्षण किया। सड़क निर्माण की धीमी गति विधायक ने नाराजगी व्यक्त की।
संवाद सूत्र, खरसावां : खरसावां विधायक दशरथ गागराई ने शुक्रवार को पथ निर्माण विभाग के अभियंताओं के साथ चांदनी चौक के पास जल जमाव वाले क्षेत्र का निरीक्षण किया। मौके पर विभाग की ओर से कार्यपालक अभियंता निर्मल सिंह. सहायक अभियंता अमृत मिज, कनीय अभियंता अश्विनी महतो मौजूद थे। विधायक गागराई ने कहा कि चांदनी चौक में जलजमाव के कारण दुकानदारों के साथ साथ आम लोगों को भी आवागमन में परेशानी हो रही है। जल निकासी के लिए ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पथ निर्माण विभाग के कई योजनाओं में अनियमितता बरती जा रही है। खरसावां-सीनी पथ में तीन साल में कई जगहों पर उखड़ गई है। खरसावां-रड़गांव सड़क का निर्माण कार्य सात साल से लंबित है। सड़क निर्माण में हो रही देरी पर विधायक ने नाराजगी व्यक्त की। सड़क निर्माण में अनियमितता बरतने के कारण ही सड़क बनने के साथ ही सड़क उखड़ने लगी है। सड़क पर जगह जगह गड्ढे हो गए हैं। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। गागराई ने कहा कि खरसावां को एनएच 33 से जोड़ने व राजधानी रांची तक जाने के लिए इस सड़क का बनना जरूरी है। सड़क निर्माण कार्य काफी धीमी गति से चल रही है। सड़क निर्माण से संबंधित जानकारी ली। अभियंताओं ने बताया कि तत्काल गड्ढों को भर दिया जाएगा। दिसंबर 2019 तक हर हाल में सड़क पूरा कर ली जाएगी। पथ निर्माण विभाग के अन्य योजनाओं की प्रगति के संबंध में भी विधायक ने जानकारी ली। सड़क मरम्मति, जीर्णोद्धार, पुल-पुलियों के निर्माण में तेजी लाने का निर्देश दिया।