झारखंड में हाता-चाईबासा मार्ग पर सड़क हादसा, ट्रेलर और कार की सीधी टक्कर में 7 घायल; 4 की हालत गंभीर
हाता-चाईबासा मुख्य मार्ग पर राजनगर के बागरायसाई मोड़ पर सोमवार सुबह एक कार और जेसीबी लदे ट्रेलर की भीषण टक्कर हो गई।

दुर्घटना में क्षतिग्रस्त कार में फंसे ड्राइवर को बाहर निकालते लोग। (जागरण)
HighLights
हाता-चाईबासा मुख्य मार्ग पर कार-ट्रेलर की टक्कर।
बागरायसाई मोड़ पर सुबह हुआ भीषण हादसा।
सरायकेला के सात लोग गंभीर रूप से घायल।
संवाद सूत्र, राजनगर। हाता-चाईबासा मुख्य मार्ग एनएच-220 पर बागरायसाई के तीखे मोड़ पर सोमवार सुबह करीब छह बजे जेसीबी लदे ट्रेलर और कार के बीच जोरदार सीधी टक्कर हो गई।
इस भीषण सड़क हादसे में कार सवार सात लोग घायल हो गए। इनमें चार की हालत गंभीर है। सभी घायल सरायकेला के रहने वाले हैं।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और अनियंत्रित होकर कार सड़क किनारे झाड़ियों में जा घुसी। हादसे के बाद कार चालक अंदर बुरी तरह फंस गया, जिसे काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।
घायलों की पहचान कार चालक सुमित कुमार कामिला (30), शिवा नायक (21), रोनक दास (19), रंजन सिंहदेव (29), चंदन सिंहदेव (27), विवेक राणा (23) और अभिषेक प्रमाणिक (19) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार आर्टिगा कार (जेएच-05-सीएम-2355) में सवार सभी सात लोग सरायकेला से हाता की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बागरायसाई के तीखे मोड़ पर विपरीत दिशा से आ रहे जेसीबी लदे ट्रेलर (जेएच-05-डीडब्ल्यू-1929) से कार की आमने-सामने टक्कर हो गई।
घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही राजनगर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। वहीं, स्थानीय ग्रामीण भी राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। ग्रामीणों और पुलिस की मदद से कार में फंसे चालक को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।
जमशेदपुर रेफर
इसके बाद सभी सात घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजनगर पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी को बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर रेफर कर दिया।
हादसे में ड्राइवर सुमित कुमार कामिला, चंदन सिंहदेव, विवेक राणा और अभिषेक प्रमाणिक को शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।
वहीं, शिवा नायक के चेहरे, रोनक दास को हल्की चोटें तथा रंजन सिंहदेव के पैर में चोट लगी है। ये तीनों कार की पिछली सीट पर बैठे थे।