पुलिस-प्रशासन सत्ता के इशारे पर कर रहा काम : मनोज
सरायकेला नगर पंचायत के उपाध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर पुलिस-प्रशासन पर सत्ता पक्ष के इशारे पर काम करने का आरोप लगाया है।
जागरण संवाददाता, सरायकेला : सरायकेला नगर पंचायत के उपाध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर पुलिस-प्रशासन पर सत्ता पक्ष के इशारे पर काम करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सत्ता पक्ष के इशारे पर जिला प्रशासन द्वारा लगातार जनप्रतिनिधियों पर दुर्भावना से झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। हम सभी जनप्रतिनिधि हमेशा अपने नैतिक दायित्व का निर्वहन करने को प्रयासरत रहते हैं। अधिकतर जनप्रतिनिधि सामाजिक एवं प्रशासनिक समरसता बनी रहे इसके लिए तत्पर रहते हैं। लेकिन जिस प्रकार सत्ता पक्ष के इशारे पर दुर्भावना से जिला प्रशासन काम कर रहा है उससे लोगों का कानूनी प्रक्रिया से विश्वास उठ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने आदित्यपुर नगर निगम के मेयर विनोद श्रीवास्तव के ऊपर जो कार्रवाई की है वह निंदनीय है। विनोद श्रीवास्तव कोल्हान भाजपा के सम्मानीय नेता हैं। विनोद श्रीवास्तव ने हमेशा जनता के हित में काम किया है। प्रशासनिक कार्रवाई की हम कड़ी भर्त्सना करते हैं। जिला प्रशासन लगातार महामारी अधिनियम, लॉकडाउन और धारा 144 का दुरुपयोग करते हुए जनप्रतिनिधि पत्रकार एवं अन्य लोगों प्राथमिकी दर्ज कर लोकतंत्र की हत्या कर रही है। मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता महामारी अधिनियम, लॉकडाउन और धारा 144 के समाप्त होने पर जिला प्रशासन के दुर्भावनापूर्ण रवैये के खिलाफ रणनीति तैयार कर आंदोलन करेंगे।