महंगाई की मार से जनता बेहाल: डिंबु तियु
महंगाई के विरोध में झामुमो कार्यकर्ताओं ने खूंटपानी प्रखंड कार्यालय के समक्ष दिया धरना।
जागरण संवाददाता, सरायकेला : महंगाई के विरोध में झामुमो कार्यकर्ताओं ने खूंटपानी प्रखंड कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना दिया। धरने की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष डिंबु तियु ने की। धरने को संबोधित करते हुए डिंबु तियु ने कहा कि राज्य की जनता महंगाई की मार से बेहाल हैं। खाद्य पदार्थ एवं आम उपयोग की वस्तुएं लोगों की पहुंच से दूर होते जा रही है। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में आग लगी है। राज्य सरकार पेट्रोल और डीजल पर अपना टैक्स घटाकर स्थिति नियंत्रण कर सकती है, लेकिन राज्य सरकार टैक्स घटाने को तैयार नहीं है। इस कारण जनता को कोई राहत नहीं मिल रही है। भाजपा सरकार गरीबों की खून चूस रही है। मौके पर झामुमो कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। झामुमो कार्यकर्ताओं ने बीडीओ फूलमनी खालखो को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर विधायक प्रतिनिधि दुर्गाचरण पाड़िया, राहुल गोप, डुबराज तियु, सुनील तियु, सविता पुरती, सेलाय जामुदा, गो¨बद हेम्ब्रम, भगवान बानरा समेत काफी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।