जनता दरबार में मिले 355 आवेदन
संसू ईचागढ़ ईचागढ़ प्रखंड क्षेत्र की सीतू पंचायत सचिवालय में बुधवार को जनता दरबार लगाया गया।
संसू, ईचागढ़ : ईचागढ़ प्रखंड क्षेत्र की सीतू पंचायत सचिवालय में बुधवार को जनता दरबार लगाया गया। जहां केसीसी, आपूर्ति विभाग, जल एवं स्वच्छता विभाग, वृद्धा पेंशन, सुकन्या, स्वास्थ्य, उज्जवला योजना से लाभान्वित होने के लिए 355 लोगों ने आवेदन दिए। इस मौके पर निश्शुल्क चिकित्सा शिविर भी लगाया गया था जहां करीब तीन सौ लोगों ने स्वास्थ्य जांच कराए।
जनता दरबार में आए ग्रामीणों की समस्या सुनने के बाद प्रखंड विकास पदाधिकारी सत्येंद्र महतो ने उनके समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जिनको फसल बीमा की राशि नहीं मिली है उनका भुगतान बहुत जल्द करा दी जाएगी। इसके अलावा ग्रामीणों ने मिलन चौक पर शौचालय बनाने की मांग की। सालुकडीह मध्य विद्यालय में चापाकल से गंदा पानी निकलने की जानकारी दी। मुखिया पंचानन पातर ने कहा 14वें वित्त आयोग की राशि फेवर्स ब्लॉक, सोलर लाइट, जल मीनार, चापाकल मरम्मत, आदि पर खर्च की जा रही है। बताया कि जल्द ही गावों में एलईडी लाइट लगाई जाएगी, 100 एलईडी लाइट लगाई जा चुकी है। वही प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी ने कहा डीबीटी के माध्यम से साइकिल खरीदने के लिए छात्राओं को 3500 रुपये मिलेंगे। जिसकी पहली किस्त उनके खाते में भेज दी गयी। इस मौके पर डॉ. बीएन मुंडा, मॉडल पदाधिकारी शिवकुमार साव, मनमोहन लोहरा, हिमाद्री देवी, धनराज महतो, पंसस शसोधर गोप, दिलीप दास, प्रभात कुमार प्रमाणिक, एनएम सुषमा सामड, बीएसओ शैलेंद्र झा, निरंजन कुमार आदि थे।
इधर, नीमडीह प्रखंड के लुपुंगडीह पंचायत में प्रखंड विकास पदाधिकारी मुकेश कुमार की मौजूदगी में जनता दरबार लगाया गया। जिसमें मुखिया जयदेव सिंह सरदार, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, प्रखंड कल्याण प्रभारी हेमचंद्र महतो, सीएचसी के कर्मी, बाल विकास परियेाजना के कर्मी मौजूद थे।