सदर अस्पताल में 47 प्रवासी मजदूरों की स्वास्थ्य जांच, क्वारंटाइन में रहने की सलाह
सरायकेला सदर अस्पताल में बुधवार को अन्य राज्य से आकर मजदूरी करने वाले 47 मजदूरों की स्वास्थ्य जांच की गई और चौदह दिन तक होम क्वारंटाइन में रहने की सलाह दी गई।
जासं, सरायकेला : सरायकेला सदर अस्पताल में बुधवार को अन्य राज्य से आकर मजदूरी करने वाले 47 मजदूरों की स्वास्थ्य जांच की गई और चौदह दिन तक होम क्वारंटाइन में रहने की सलाह दी गई। इनमें से अधिकांश मजदूर पश्चिमी बंगाल के मुर्शीदाबाद के रहने वाले हैं। जो सरायकेला में रहकर आसपास के विभिन्न क्षेत्र में निर्माण कार्य करते हैं। थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडेय ने बताया कि सूचना मिलने पर सरायकेला के राजबांध, गैरेज चौक व रैन बसेरा से चालीस तथा मानिक बाजार के सात समेत कुल 47 मजदूरों को सदर अस्पताल में स्वास्थ्य जांच कराई गई। इनमें से कुछ मजदूर छह महीने से एवं कुछ तीन महीने से सरायकेला में रह रहे हैं और आसपास के क्षेत्र में निर्माण का कार्य करते हैं। बीस मजदूर विगत कई दिनों से बिना सूचना के राजबांध में रह रहे थे। इसकी जानकारी होने पर वार्ड पार्षद बलराम साव ने पुलिस को सूचना दी। सदर अस्पताल में जांच के बाद इन्हें विभिन्न जगहों पर सारी व्यवस्था करते हुए होम क्वारंटाइन में चौदह दिनों के लिए रख गया है। उनके लिए खाने-पीने की सारी व्यवस्था कर दी गई है। चौदह दिन तक उनकी नीगरानी की जाएगी। मानिक बाजार से लाए गए सात मजदूर ईंट भट्टा में काम करते थे। उन्हें भी चौदह दिन तक होम क्वारंटाइन में रखा गया है।