बीईईओ समेत 25 शिक्षकों के वेतन पर रोक
जागरण संवाददाता, सरायकेला : जिला शिक्षा अधीक्षक फूलमनी खालखो ने शनिवार को राजनगर प्रखंड के
जागरण संवाददाता, सरायकेला : जिला शिक्षा अधीक्षक फूलमनी खालखो ने शनिवार को राजनगर प्रखंड के छह विद्यालय समेत बीआरसी का निरीक्षण किया। काम में कोताही बरतने के लिए प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी समेत पचीस शिक्षकों का वेतन निकासी पर रोक लगा दी।
जिला शिक्षा अधीक्षक शनिवार को 8:20 बजे उत्क्रमित मध्य विद्यालय का निरीक्षण करने पहुंची। वहां सभी शिक्षक अनुपस्थित मिले। स्कूल में ताला लगा था। बच्चे स्कूल के बाहर गुरुजी के आने का इंतजार कर रहे थे।
जिला शिक्षा अधीक्षक ने विद्यालय के सभी चार शिक्षकों का अगले आदेश तक वेतन निकासी पर रोक लगा दिया। इसके बाद उन्होंने साढ़े आठ बजे उत्क्रमित मध्य विद्यालय रुपनाचना का निरीक्षण किया। विद्यालय में नियमित विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक नहीं हो रही है। चखना पंजी का एक साल से संधारण नहीं किया गया है। इसके लिए डीएसई ने यशोदा प्रधान, मानिक लाल सीट व घासीराम सोरेन को शोकॉज करते हुए अगले आदेश तक वेतन रोक दिया। इसके बाद जिला शिक्षा अधीक्षक ने उत्क्रमित मध्य विद्यालय सोसोमोली का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में शौचालय की स्थिति बदतर थी। शौचालय में गंदगी थी और बाल्टी व मग नहीं थे। डीएसई ने शिक्षकों को फटकार लगाई। विद्यालय में सीएससी की बैठक नहीं होती है। क्रय समिति का गठन नहीं हुआ है और पोशाक आदि का क्रय कर लिया गया है। विद्यालय के छह शिक्षक-शिक्षिका नव किशोर महतो, संतोष महतो, वर्षा टुडू, संतोषी महतो, अर्दता महतो व शिवा महापात्र का अगले आदेश तक वेतन रोक दिया। इसके बाद डीएसई ने उत्क्रमित मध्य विद्यालय मतकमबेड़ा का निरीक्षण किया। विद्यालय में अक्टूबर 2017 से सीएमसी की बैठक नहीं हुई थी। क्रय समिति का गठन किए बिना पोशाक क्रय कर लिया गया। मांगने पर चखना पंजी नहीं दिखाया गया। विद्यालय के शिक्षक अर्जुन प्रधान, लखींद्र नाथ महतो, दुबई सोरेन, मुन्ना राम सोरेन का विद्यालय में सुधार होने तक वेतन रोक दिया गया। मध्य विद्यालय कुटुंब में प्रबंध समिति की बैठक पंजी में खानापूर्ति की गई थी। चखना पंजी का अद्यतन नहीं किया गया है। विद्यालय भवन का रंगरोगन नहीं किया गया और स्कूल की व्यवस्था बदतर पाई गई। डीएसई ने विद्यालय के शिक्षिका रीतु कुमारी एवं शिक्षक रतिकांत महतो व हुदु टुडू का विद्यालय में सुधार होने तक वेतन स्थगित कर दिया गया।
जिला शिक्षा अधीक्षक ने कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय का निरीक्षण किया जहां सभी शिक्षिकाएं उपस्थित थीं और विद्यालय की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। उन्होंने वार्डेन को पौधारोपण करने का निर्देश दिया। डीएसई साढ़े दस बजे बीआरपी पहुंची जहां प्रशिक्षण चल रहा था। बीआरपी-सीआरपी का कोई उपस्थित नहीं थे। शौचालय की स्थिति बदतर थी जिसका उपयोग नहीं किया जा सकता है। प्रशिक्षण में भाग ले रही शिक्षिकाओं ने बताया कि उन्हें बहार जाना पड़ रहा है। डीएसई ने बीपीओ ममता दुबे, बीआरपी ऋषिकेश महतो व रंगलाल सतपथी एवं गार्ड सुखदेव हेम्ब्रम का एक दिन का वेतन काटा तथा सीआरसी की स्थिति की सूचना नहीं देने पर शोकॉज करते हुए प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी दिलीप कुमार का वेतन स्थगित कर दिया। डीएसई ने बताया कि कार्यशैली में सुधार नहीं लाने पर विभाग को इनका सुदूर इलाके में स्थानांतरण के लिए लिखा जाएगा।