एक जुलाई से शुरू होगा डेंगू जागरूकता अभियान
डेंगू बीमारी के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए जिले में एक जुलाई से जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
जागरण संवाददाता, सरायकेला : डेंगू बीमारी के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए जिला स्वास्थ्य समिति द्वारा एक जुलाई से डेंगू जागरूकता अभियान शुरू किया जाएगा। सरकारी स्कूल के विद्यार्थियों को डेंगू के प्रति जागरूक किया जाएगा। एडिस डेंगू मच्छर के बारे में विद्यार्थियों को जानकारी दी जाएगी। साथ ही डेंगू से बचाव व उसके लक्षण से लोगों को अवगत कराया जाएगा। आदित्यपुर नगर निगम डेंगू का डेंजर जोन है। पिछले साल आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में डेंगू के चार मरीज पाए गए थे, जो बाहर रहते थे और डेंगू से आक्रांत होने के बाद आदित्यपुर आए थे।
जिला मलेरिया पदाधिकारी डॉ. जुझार माझी ने बताया कि डेंगू बीमारी मुख्यत: शहरी क्षेत्र में होती है। ग्रामीण क्षेत्र में डेंगू मच्छर नहीं पाए जाते हैं। डॉ. माझी ने बताया कि डेंगू का संक्रमण साफ पानी में पनपता है। डेंगू मच्छर दिन में काटता है। उन्होंने बताया कि डेंगू का कोई विशेष उपचार नहीं है। लक्षण के आधार पर ही रोगी का उपचार किया जा सकता है। डेंगू बुखार होने पर तरल पदार्थ एवं पानी का सेवन करना चाहिए। डेंगू से बचाव के लिए अपने घरों के आसपास, कूलर, बाल्टी, फूलदान, फ्रिज एवं नारियल के खोपड़े में पानी जमा होने नहीं दें। डेंगू मरीजों के उपचार के लिए सदर अस्पताल में दो बेड आरक्षित है। सभी सीएचसी में दो-दो आरबीएस चिकित्सक हैं। स्वास्थ्य विभाग के निर्देश पर एक जुलाई से 15 जुलाई तक जिले में डेंगू पखवाड़ा मनाया जाएगा। इस बार आदित्यपुर नगर निगम पर विशेष जोर दिया जाएगा।