कन्हैया सिंह की हत्या करने वालों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करें : विजय महतो
कानून व्यवस्था को प्रशासन सुधारें नहीं तो जिला भाजपा उतरेगी सड़कों पर
कन्हैया सिंह की हत्या करने वालों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करें : विजय महतो
जागरण संवाददाता, सरायकेला : आदित्यपुर की बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर गुरुवार को भाजपा जिलाध्यक्ष विजय महतो ने जिला प्रशासन व हेमंत सोरेन की सरकार पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि ईचागढ़ के पूर्व विधायक अरविंद सिंह के साले सह ठेकेदार कन्हैया सिंह की हत्या प्रशासन की विफलता का उदाहरण है। जिला भाजपा इस घटना की निंदा करता है। उन्हों जिला प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि कन्हैया सिंह की हत्या करने वालों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने कहा कि जिले में भय का माहौल है। आदित्यपुर चंबल घाटी बन गया है। यहां हत्या होना रोजमर्रा की बात बन गई है। जिला प्रशासन अपराध पर काबू पाने में पूरी तरह विफल है। जिला पुलिस का काम सिर्फ और सिर्फ अवैध वसूली करना है। हेलमेट चेकिंग के नाम पर आम जनता को परेशान किया जा रहा है। ब्राउन शुगर के धंधे को खत्म में जिला पुलिस का दावा खोखला साबित हो चुका है। नशे के इस जहरीले कारोबार से युवा बर्बाद हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन कानून व्यवस्था में सुधार करे, अन्यथा जिला भाजपा प्रशासन के खिलाफ सडक पर उतरेगी।