एक सिक्के के लिए हुई थी आदित्यपुर के व्यक्ति की हत्या
सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर के बागुन सोय की हत्या महज एक सिक्के के लिए कर दी गई थी।
जागरण संवाददाता, सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर के बागुन सोय की हत्या महज एक सिक्के के लिए कर दी गई थी। बागुन के पास हनुमान जी का एक पुराना सिक्का था। उसे हासिल करने के लिए एक ओझा और चार लोगों ने मिलकर बेरहमी से उसे मार डाला था। पुलिस ने मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में एक पारा शिक्षक भी शामिल है। पुलिस सभी से पूछताछ कर रही है। आदित्यपुर के डी-रोड का बागुन सोय परिजन को बीमारी से मुक्ति दिलाने के लिए ओझा-गुनी से पूजा पाठ कराने राजनगर के बाना गांव गया था। तांत्रिक गणेश लोहार ने बागुन सोय को कहा कि सिक्का में जान डालने के लिए इसे रखकर मुर्गे की बलि देनी होगी। इसके बाद बागुन को लेकर सभी लोग नदी किनारे गए और वहीं पर मुर्गे की जगह बागुन की ही बलि दे दी। उसके बाद शव को नदी में फेंककर सभी चलते बने। बागुन सोय का शव सोमवार को टेंटोपोसी से राजनगर के कोलाबड़िया जाने वाले मार्ग पर नदी से मिला था। उसकी गर्दन धड़ से लगभग अलग थी। जिससे आशंका व्यक्त की जा रही थी पीछे से गर्दन पर वार किया गया होगा। अब जबकि पुलिस ने हत्या में शामिल लोगों को दबोच लिया है, तो सही बात सामने आ गई है।
मृतक की पत्नी लक्ष्मी सोय ने राजनगर के रहने वाला एक ओझा पर हत्या का आरोप लगाया है। उसने बताया कि उसकी बेटी की तबीयत खराब चल रही है। जिसको लेकर बागुन कई दिन से ओझा का चक्कर काट रहा था। घटना से पहले भी उसी के साथ वह घर से निकला था। पत्नी ने किसी तरह की पुरानी दुश्मनी या विवाद से इंकार किया।
----------------
पुलिस ने पांच को लिया हिरासत में
घटना के बाद पुलिस ने बाना गांव के ओझा गणेश लोहार व पारा शिक्षक समेत पांच लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने पांचों को घटना स्थल पर लाकर भी कड़ाई से पूछताछ की। पुलिस मृतक की पत्नी की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है। घटना को रविवार देर रात एक डेढ़ बजे के आसपास अंजाम दिया गया। हालांकि पुलिस हिरासत में लिए जाने की पुष्टि नहीं कर रही है।