चमारू गांव में पर्वोत्सव पर छह स्थान पर मेले का आयोजन
जागरण संवाददाता, सरायकेला : गम्हरिया प्रखंड के चमारू में गुरुवार को शिव पूजन, गाजाडांग, छऊ
जागरण संवाददाता, सरायकेला : गम्हरिया प्रखंड के चमारू में गुरुवार को शिव पूजन, गाजाडांग, छऊ नृत्य के साथ पर्व उत्सव का समापन हुआ। इसमें हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। चमारु में प्रत्येक साल पहला ज्येष्ठ को शिव पूजन, छऊ नृत्य गाजाडांग व आदिवासी नृत्य के साथ पर्वोत्सव का आयोजन किया जाता है। इस मौके पर यहां छह अलग-अलग जगहों पर मेला का आयोजन किया जाता है। पहले यहां मंदिर में शिवपूजन के साथ छऊ नृत्य एवं आदिवासी नृत्य का आयोजन किया जाता था। अब मंदिर प्रांगण, नीचे टोला, डुंगरी टोला व आदिवासी टोला समेत छह जगहों पर मेले का आयोजन होता है।
चमारु में बुधवार रात शिव मंदिर प्रांगण में सरायकेला शैली के छह छऊ नृत्य दलों के कलाकारों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। नीचे टोला व डुंगरी टोला में मानभूम शैली छऊ नृत्य का आयोजन किया गया। रात भर जहां दर्शक छऊ नृत्य का मजा ले रहे थे वहीं मेले में महिला-पुरुष व बच्चे अपनी-अपनी पसंद की चीजें खरीद रहे थे। छऊ नृत्य का दौर सुबह तक चलते रहा। गुरुवार सुबह से मंदिर में भोले बाबा की पूजा-अर्चना जैसे ही शुरू हुई श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। स्थानीय एवं दूरदराज से आए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गई। घंटों लाइन में खड़े रहने के बाद भोलेनाथ की पूजा अर्चना कर प्रसाद चढ़ाने में सफल हुए। पर्वोत्सव के अंतिम चरण में गाजाडांग का आयोजन किया गया। इसमें भक्त पीठ में लोहे के अंकुश से छेदकर उसमें लगी रस्सी से पचास साठ फीट के उपर लगाए बल्ली में बांधकर हवा में चक्कर लगाए।