चांडिल-सरायकेला में नक्सल विरोधी सर्च अभियान तेज
जेएनएन, गम्हरिया/चांडिल : सरायकेला खरसावां जिले के चांडिल और सरायकेला क्षेत्र में दो दर्जन से
जेएनएन, गम्हरिया/चांडिल : सरायकेला खरसावां जिले के चांडिल और सरायकेला क्षेत्र में दो दर्जन से अधिक हथियारबंद नक्सलियों की सूचना के बाद पुलिस के कान खड़े हो गए हैं। गुरुवार को भी जिला पुलिस सर्च अभियान चलाकर छानबीन करती रही। कुछ ग्रामीणों ने बुधवार की शाम स्वर्णरेखा नदी के मुसरीकुदर-गौरी घाट से कपाली के राजवन गांव की ओर नक्सलियों को जाते देखा था। ग्रामीणों ने ही इसकी सूचना पुलिस को दी। चांडिल अनुमंडल के एसडीपीओ धीरेंद्र बंका तथा सरायकेला एसडीपीओ अविनाश कुमार के नेतृत्व में बुधवार की देर रात से ही सर्च अभियान जारी है।
जानकारी के मुताबिक गौरी घाट के पास मुसरीकुदर- राजवन घाट पर स्थानीय वृद्ध महिला और एक बच्चे ने हथियारबंद दस्ते को नदी पार करते देखा था। एसडीपीओ अविनाश कुमार ने बताया कि जंगल को हर तरफ से सील कर दिया गया है। सर्च अभियान जारी है। पुलिस हर स्थिति से निपटने के लिए मुस्तैद है। मालूम हो कि दलमा क्षेत्र में नक्सली महाराज प्रमाणिक दस्ते के सक्रिय सदस्य लगातार अपनी उपस्थिति दर्ज कराते रहते हैं। अब कयास लगाया रहा कि नक्सलियों का यह दस्ता नदी पार कर फिर दलमा के बीहड़ क्षेत्रों में सक्रिय हो रहा है।