चक्रधरपुर में कबाड़ गोदाम में लगी भीषण आग, लपटें देख इलाके में मचा हड़कंप; पटाखे की चिंगारी की आशंका
चक्रधरपुर के टोकलो रोड स्थित एक कबाड़ टाल में भीषण आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ...और पढ़ें

जासं, चक्रधरपुर। शहर के टोकलो रोड स्थित एक कबाड़ टाल में अचानक भीषण आग लगने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
आग इतनी भयावह थी कि इसकी ऊंची लपटें दूर से ही दिखाई दे रही थीं, जिसे देखकर आसपास के स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।
जानकारी के अनुसार, यह कबाड़ टाल सरोज कसेरा उर्फ चुनचुन कसेरा का बताया जा रहा है। टाल के भीतर भारी मात्रा में कबाड़ और अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी हुई थी।
इस कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। धुएं का गुबार आसमान में फैलता देख स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना अग्निशमन विभाग (फायर ब्रिगेड) को दी।
पटाखे की चिंगारी से आग लगने की आशंका
सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी तत्काल मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का अभियान शुरू किया। प्रारंभिक तौर पर यह आशंका जताई जा रही है कि किसी पटाखे की चिंगारी कबाड़ के ढेर पर गिरने से यह आग भड़की होगी।
हालांकि, आग लगने के सटीक और वास्तविक कारणों की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। कबाड़ टाल में रखे ज्वलनशील सामानों के कारण आग के तेजी से आसपास के इलाकों में फैलने का खतरा बना हुआ है।
आग बुझाने के लिए कड़ी मशक्कत जारी
इसे देखते हुए दमकल कर्मी पूरी मुस्तैदी के साथ आग को नियंत्रित करने के लिए कड़ी मशक्कत कर रहे हैं। समाचार लिखे जाने तक आग बुझाने का प्रयास लगातार जारी था।
इस अगलगी की घटना में हुए कुल आर्थिक नुकसान और किसी के हताहत होने के संबंध में फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। प्रशासन और स्थानीय लोग स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।