राजनगर में सड़क हादसे में बागबेड़ा के युवक की मौत, ससुराल से लौट रहा था घर Saraikela news
बागबेड़ा का रहने वाला था कृष्णा कुमार बारिक राजनगर के ईचा गांव अपने ससुराल से घर लौटने के क्रम में हुए दुर्घटना का शिकार ब्रेकर के किनारे से बाइक पार करने के चक्कर में गिरे
राजनगर (सरायकेला-खरसावां), जेएनएन। राजनगर-जुगसलाई मार्ग पर राजनगर थाना क्षेत्र के खैरकोचा पुलिया के समीप बाइक से गिरकर कृष्णा कुमार बारिक(33) नाम के एक युवक की मौत हो गई। वह पूर्वी सिंहभूम के जमशेदपुर के बागबेड़ा के रहने वाले थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना शनिवार रात करीब सवा नौ बजे की है। जबकि स्थानीय लोगों के मुताबिक घटना लगभग साढ़े सात बजे की है। बताया जाता है कि कृष्णा कुमार बारिक का राजनगर थाना क्षेत्र के ईचा गांव में ससुराल है। शनिवार की शाम वह ससुराल से अपनी बाइक एचएफ डिलक्स से बागबेड़ा लौट रहे थे। इसी क्रम में खैरकोचा पुलिया पार कर सड़क पर बने ब्रेकर के पास वे दुर्घटना का शिकार हुए। स्थानीय लोगों के मुताबिक कृष्णा अपनी बाइक को ब्रेकर के किनारे से निकालने की कोशिश कर रहा था। जिससे बाइक का चक्का स्किट कर गया और सड़क पर ही सर के बल गिरा। जिससे काफी ज्यादा रक्तस्राव के कारण मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
यूडी केस दर्ज
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजनगर पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद आधिकारिक रूप से मृत घोषित कर दिया। इस।मामले में पुलिस ने यूडी केस दर्ज की है।