निविदा मैनेज करते हैं प्रशासक व कार्यपालक अभियंता
संसू आदित्यपुर ईचागढ़ के पूर्व विधायक साधू चरण महतो ने सुवर्णरेखा परियोजना के प्रशासक
संसू, आदित्यपुर : ईचागढ़ के पूर्व विधायक साधू चरण महतो ने सुवर्णरेखा परियोजना के प्रशासक ब्रजमोहन कुमार और कार्यपालक अभियंता कुमार अरविंद पर टैंडर मैनेज करने समेत कई गंभीर आरोप लगाया है। सोमवार को पूर्व विधायक ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि परियोजना के प्रशासक तीन माह में सेवानिवृत होने वाले हैं, जबकि वे घूम-घूमकर लोगों से बता रहे हैं कि वे विभाग के सचिव बनने वाले हैं। प्रशासक पर आरोप लगाते हुए पूर्व विधायक ने कहा कि गाजिया बराज में गार्डवाल बनाने का जिम्मा देवघर के एजेंसी को दे दिया गया। जबकि एजेंसी के पास इस कार्य का अर्हता नहीं है। उन्होंने सूबे के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेने से इस मामले की जांच कराने की मांग की।
पूर्व विधायक साधुचरण महतो ने कहा कि परियोजना के प्रशासक ब्रजमोहन कुमार दो हजार करोड़ की संपत्ति से अधिक के मालिक हैं। साधुचरण ने कहा कि विभागीय स्तर पर पहले अधूरे काम का निविदा निकाला जाता है फिर उसे प्रशासक की मिलीभगत से पूरा किया जाता है। जिसके लिए प्रशासक समेत विभागीय कर्मचारियों का कमीशन फिक्स किया जाता है।
इस बाबत, परियोजना के प्रशासक ब्रजमोहन कुमार ने बताया कि पूर्व विधायक साधुचरण महतो द्वारा लगाये आरोप बेबुनियाद है। उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक को यह जानकारी होनी चाहिए कि निविदा निकालना प्रशासक का काम नहीं होता है। वहीं कार्यपालक अभियंता कुमार अरविंद ने भी साधुचरण महतो के आरोपों को निराधार बताया।