पुलिया से नीचे गिरी कार, बाल-बाल बचे दो लोग
हाता-चाईबासा मुख्य मार्ग पर बलियासाई पुल के नीचे गुरुवार को एक अनियंत्रित कार गिर गई।
संवाद सूत्र, राजनगर : हाता-चाईबासा मुख्य मार्ग पर बलियासाई पुल के नीचे गुरुवार को एक अनियंत्रित कार गिर गई। इससे कार में सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना सुबह करीब सात बजे की है। जानकारी के अनुसार टाटा से चाईबासा आ रही एक कार जैसे ही बलियासाई के पास पहुंची पुलिया पर चढ़ने से पहले ही अनियंत्रित होकर नीचे जा गिरी। नाले में पानी बह रहा था। वहां कार फंस गई। उसी समय रास्ते से गुजर रहे राजनगर के मुकेश सतपथी और दोस्त सत्यजीत बानरा ने घायलों को बाहर निकाला और पुलिस को भी सूचना दी। एंबुलेंस को फोन करने के बावजूद काफी देर तक नहीं पहुंची तो युवकों ने अपनी कार से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजनगर घायलों को पहुंचाया। घायलों में चाईबासा डोबरोसाई के 36 वर्षीय सुरेश बिरुआ तथा बिरसानगर के 55 वर्षीय मनोज कच्छप शामिल हैं। सुरेश की कमर में चोट लगी है। मनोज कच्छप का दायां हाथ टूट गया है। दोनों को बेहतर इलाज के लिए एमजीएम रेफर कर दिया गया है।