सिवरेज निर्माण कार्य के दौरान मिट्टी में दबा मजदूर
सोमवार की शाम नपं क्षेत्र के नयाबस्ती में चल रहे सिवरेज कार्य के दौरान मिट्टी धंसने से एक मजदूर के दबने और काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकालने का एक मामला प्रकाश में आया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक अन्नु इन्फ्राटेक एजेंसी के द्वारा नपं क्षेत्र में इन दिनों सिवरेज निर्माण कार्य प्रगति पर है। इसी क्रम में नयाबस्ती में चल रहे निर्माण कार्य के दौरान ए
राजमहल (साहिबगंज) : राजमहल नगर पंचायत क्षेत्र के नयाबस्ती में सिवरेज कार्य के दौरान सोमवार की शाम मिट्टी धंसने से एक मजदूर दब गया। काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला जा सका। अन्नु इंफ्राटेक एजेंसी इन दिनों सिवरेज का काम कर रही है। नयाबस्ती में चल रहे निर्माण कार्य के दौरान कोठीबगीचा निवासी राजीव कुमार मिट्टी में दब गया। उसके मिट्टी में दबने की खबर मिलते ही कंपनी कर्मियों एवं स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। जेसीबी मशीन और हाथों से मिट्टी हटाने का काम शुरू किया गया। लगभग 40 मिनट के बाद मिट्टी में दबे राजीव को बाहर निकाला गया। उसे गंभीर एवं अचेत अवस्था में अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया जहां चिकित्सक डॉ. संजय कुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति खतरे से बाहर बतायी। अत्याधिक ठंड लगने से उत्पन्न समस्या को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए साहिबगंज रेफर कर दिया गया।
बताया जाता है कि कंपनी के पास सुरक्षा उपकरणों की कमी है। किसी तरह काम किया जा रहा है। इस संदर्भ में एसडीओ कर्ण सत्यार्थी ने बताया कि मामले को लेकर रिपोर्ट मांगी गई है। यदि कंपनी सुरक्षा मानक के अनुरूप कार्य नहीं करने का दोषी पाया जाता है तो उसके विरुद्ध स्टेट को रिपोर्ट भेजी जाएगी।
मजदूर की सुरक्षा के प्रति कंपनी संवेदनशील
इस संदर्भ में अन्नु इन्फ्राटेक के प्रोजेक्ट मैनेजर गोपाल कुमार ने बताया कि कंपनी सभी सुरक्षा मानकों को पूरा करती है। मजदूर राजीव को साइट इंचार्ज ने नीचे उतरने से मना किया था परंतु उसने उनकी बातों को अनसुना कर दिया। हालांकि दुर्घटना घटित हुई है परंतु मजदूर को सकुशल निकाल कर चिकित्सीय सुविधा दी गई है। मजदूर की सुरक्षा और सुविधा के प्रति कंपनी पूरी तरह संवेदनशील है।