विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रील के चक्कर में हथियारों का खुला खेल! साहिबगंज में सोशल मीडिया पर पिस्टल लहरा रहे युवा, दहशत में लोग

Published: Wed, 11 Nov 2026 12:33 PM (IST)

साहिबगंज में युवा सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ रील बनाकर दहशत फैला रहे हैं, जिससे लाइसेंसी हथियारों के दुरुपयोग ...और पढ़ें

रील के चक्कर में हथियारों का खुला खेल (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

रील के चक्कर में हथियारों का खुला खेल (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ रील बनाना।

  2. लाइसेंसी हथियारों का दुरुपयोग और नियम उल्लंघन।

  3. पुलिस से वायरल वीडियो पर कार्रवाई की मांग।

देव आर्यण, साहिबगंज। इंटरनेट मीडिया पर इन दिनों रील और वीडियो के माध्यम से लोकप्रिय होने की होड़ मची है। लाइक, व्यू और फालोअर बढ़ाने के चक्कर में कुछ लोग अब हथियारों को भी अपनी रील का हिस्सा बनाने लगे हैं। 

सार्वजनिक स्थानों पर हाथ में हथियार लेकर वीडियो बनाने व फिर उसे इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करने से लोग दहशत में आ जा रहे हैं। उधर, लाइसेंसी हथियारों के इस्तेमाल को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। 

लाइसेंसधारी के हाथ में नहीं हथियार 

हैरानी की बात यह है कि कई बार वीडियो में हथियार वास्तविक लाइसेंसधारी के हाथ में नहीं, बल्कि उसके सहयोगी, परिचित या अन्य व्यक्ति के हाथ में नजर आता है। 

रील बनाने वाले लोग हथियार को अलग-अलग अंदाज में प्रदर्शित करते हुए वीडियो तैयार करते हैं। इसके बाद वीडियो को इंटरनेट मीडिया पर अपलोड कर दिया जाता है। कुछ ही समय में ऐसा वीडियो लाखों लोगों तक पहुंच जाता है। 

सदर प्रखंड क्षेत्र में कुल 144 लाइसेंसी शस्त्रधारी हैं। इनमें नगर थाना क्षेत्र में 30, जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र में 67 और मुफस्सिल थाना क्षेत्र में 47 लाइसेंसी शस्त्र हैं। इतनी संख्या में लाइसेंसी हथियार होने के कारण इनके सुरक्षित रखरखाव और निर्धारित नियमों के अनुसार इस्तेमाल की निगरानी भी महत्वपूर्ण हो जाती है।

रील के चक्कर में नियमों की अनदेखी  

इंटरनेट मीडिया पर हथियार के साथ फोटो या वीडियो डालना कई लोगों के लिए भले ही महज मनोरंजन या स्टाइल दिखाने का माध्यम हो, लेकिन हथियार कोई सामान्य वस्तु नहीं है। खासकर तब, जब हथियार किसी दूसरे व्यक्ति के हाथ में हो। 

लाइसेंसी हथियार का इस्तेमाल किस परिस्थिति में और कौन व्यक्ति कर सकता है, यह नियमों के अधीन होता है। ऐसे में पुलिस के लिए वायरल वीडियो की जांच करना जरूरी हो जाता है। 

पुलिस यदि इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने वाले ऐसे वीडियो पर नजर रखे तो आसानी से यह पता लगाया जा सकता है कि वीडियो में दिख रहा हथियार किसके नाम पर लाइसेंसी है और उसे लेकर वीडियो बनाने वाला व्यक्ति कौन है। यदि लाइसेंसी हथियार किसी अन्य व्यक्ति के हाथ में पाया जाता है या उसके इस्तेमाल में नियमों का उल्लंघन सामने आता है तो संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।

आम लोगों में बढ़ रहा डर 

हथियारों के साथ बनाए गए वीडियो का सबसे बड़ा असर आम लोगों पर पड़ता है। जब किसी व्यक्ति को सार्वजनिक स्थान पर हथियार के साथ वीडियो बनाते या फोटो खिंचवाते देखा जाता है तो आसपास के लोगों में असहजता और भय पैदा होना स्वाभाविक है। 

स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस को इंटरनेट मीडिया पर हथियारों के प्रदर्शन वाले वीडियो की निगरानी करनी चाहिए। खासकर युवाओं द्वारा बनाए जा रहे ऐसे वीडियो की जांच जरूरी है, ताकि रील के नाम पर हथियारों के दुरुपयोग की प्रवृत्ति पर समय रहते रोक लगाई जा सके। उधर, इंटरनेट मीडिया पर लगातार प्रसारित हो रहे वीडियो पुलिस के लिए भी नई चुनौती हैं। 

अपराध नियंत्रण के साथ-साथ इंटरनेट मीडिया पर हथियारों के प्रदर्शन पर नजर रखना जरूरी हो गया है। लाइसेंसी हथियारों का समय-समय पर सत्यापन और इंटरनेट मीडिया पर उनके दुरुपयोग की निगरानी से इस प्रवृत्ति पर अंकुश लगाया जा सकता है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।