अपने ही ले रहे जान! 15 दिन में तीन पहाड़ियां महिलाओं की हत्या, पतियों की बेवफाई का शिकार हो रही बीवियां
झारखंड के साहिबगंज में बीते 15 दिनों में तीन पहाड़ियां महिला की हत्या ने सबको चौंका दिया है। हैरान करने वाली बात यह है कि इन सभी को इनके अपनों ने ही मौत के घाट उतार दिया है। पुलिस इन सभी की जांच में जुटी हुई है।
संवाद सहयोगी, बोरियो (साहिबगंज)। बोरियो थाना क्षेत्र के सिगली गांव में मंगलवार की सुबह 35 वर्षीय पूजा माल पहाड़िन का शव उसी के घर से झूलता हुआ बरामद किया गया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस पहुंची, तो घर के सभी लोग फरार मिले। पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पति अपनी दूसरी बीवी के साथ फरार
महिला ने आत्महत्या की है या उसकी हत्या की गई है यह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि पूजा माल पहाड़िन के दो बच्चे हैं। उसका पति लुकस माल पहाड़िया ने कुछ साल पूर्व दूसरी शादी कर ली थी। उस महिला से भी एक बच्चा है। पति दूसरी पत्नी एंव सभी बच्चों के साथ फरार है। शव घर में साड़ी से लटक रहा था।
पति ने टार्च से पीट-पीटकर की पत्नी की हत्या
गौरतलब हो कि बरहेट थाना क्षेत्र के खैरवा पहाड़ पर बुधवार की शाम नशे की हालत में लखन मालतो ने अपनी पत्नी 30 वर्षीय सुकूरमुनी पहाड़िन की हत्या टार्च से पीट-पीटकर कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद वह बहन के घर चपड़ी पहाड़ पर जाकर छिप गया। तीन दिन बाद पुलिस को सूचना मिली तो शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आरोपित को गिरफ्तार किया।
इस मामले में गिरफ्तार लखन मालतो ने बताया कि वह नशे की हालत में था। इस दौरान उसने अपनी पत्नी को टार्च से मार-मार कर पूरी तरह से जख्मी कर दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। इन दोनों की शादी तीन माह पूर्व ही माको वादेगौड़ा गांव में हुई थी।
रूबिका और मालोती भी हो चुकी है पारिवारिक हिंसा की शिकार
इससे पूर्व बोरियो थाना क्षेत्र के चटकी गांव की आंगनबाड़ी सेविका मालोती की हत्या उसके उसके पति तलु किस्कू ने पिछले सप्ताह कर दी थी। तलु किस्कू ने दूसरी शादी कर ली थी। इस वजह से उसने मालोती को रास्ते से हटा दिया।
इससे पूर्व दिसंबर 22 में रूबिका पहाड़िन नामक महिला की हत्या उसके दूसरे पति दिलदार अंसारी ने स्वजनों के साथ मिलकर कर दी थी। इस मामले में सभी लोग जेल में हैं।