मुनीलाल श्मशान घाट में आज होगा अंतिम संस्कार
जागरण संवाददाता साहिबगंज राजमहल विधायक अनंत ओझा की मां शैल देवी का अंतिम संस्कार मंगल
जागरण संवाददाता, साहिबगंज : राजमहल विधायक अनंत ओझा की मां शैल देवी का अंतिम संस्कार मंगलवार को साहिबगंज स्थित मुनीलाल श्मशान घाट पर होगा। सुबह 11 बजे शोभनपुर भट्ठा स्थित घर से अंतिम यात्रा निकाली जाएगी। अनंत ओझा के सबसे छोटे भाई राजेश ओझा के आने में विलंब होने की वजह से सोमवार को उनका अंतिम संस्कार नहीं हो पाया। वे सीआरपीएफ के कोबरा बटालियन में हैं। रविवार को छत्तीसगढ़ के सुकमा में आपरेशन में थे। निधन की सूचना मिलने के बाद उन्हें सोमवार को हेलीकॉप्टर से जगदलपुर लाया गया। वहां से वे सड़क मार्ग से रवाना हुए। वे मंगलवार की सुबह यहां पहुंचेंगे। इसके बाद अंतिम संस्कार होगा।
गौरतलब हो कि विधायक की 72 वर्षीय मां शैल देवी का निधन रविवार की रात हो गया था। पिछले साल अप्रैल में वे गिर गयीं थी जिससे उनका ब्रेन हेमरेज हो गया था। इलाज के बाद वे ठीक हो गई थीं। पुन: रविवार को उनकी तबीयत खराब हुई। स्थानीय चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद रेफर कर दिया। इसके बाद स्वजन उन्हें लेकर रांची जा रहे थे। जामताड़ा के पास स्थिति काफी खराब हो गई। इसके बाद उन्हें वहां के सदर अस्पताल में ले जाया गया जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। अनंत ओझा तीन भाइयों में सबसे बड़े हैं। दूसरे नंबर पर कमलेश ओझा व तीसरे नंबर पर राजेश ओझा हैं। पिता श्रीनिवास ओझा किसान हैं।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक : विधायक अनंत ओझा की मां के निधन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश सहित अनेक लोगों ने शोक जताया है। सोमवार को विधायक के शोभनपुर भट्ठा स्थित आवास पर शोक संवेदना जतानेवालों का तांता लगा रहा। राजमहल सांसद विजय हांसदा, बरहेट विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा, पीरपैंती विधायक इंजीनियर ललन पासवान, साहिबगंज जिला परिषद अध्यक्ष रेणुका मुर्मू, जिप उपाध्यक्ष सुनील यादव, बरहड़वा नगर पंचायत अध्यक्ष श्यामल दास, राजमहल नगर पंचायत उपाध्यक्ष पार्थो दत्ता, वरिष्ठ भाजपा नेता गणेश तिवारी, साहिबगंज नगर परिषद उपाध्यक्ष रामानंद साह, अमित सिंह आदि उनके घर पहुंचे और शोक संवेदना व्यक्त की।