shaibganj news कुख्यात शटर कटर गिरोह के सदस्य सत्तार तथा उसके सहयोगी की पत्नी से पुलिस कर रही पूछताछ
देश के कई राज्यों में शटर कटर कर सोना चोरी सहित अन्य घटना को अंजाम देने वाले सत्तार को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। शुक्रवार को उससे पूछताछ चल रही थी कि उसकी निशानदेही पर उसके सहयोगी एक चोर की पत्नी को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
संवाद सहयोगी, उधवा (साहिबगंज) : कई राज्यों में सोना चोरी के आरोपित और राधानगर इलाके में सक्रिय कुख्यात शटर कटर गिरोह के सदस्य सत्तार शेख से शुक्रवार को पुलिस पूछताछ जारी रखी। हालांकि, पुलिस अभीतक उसकी गिरफ्तारी पर चुप्पी साध रखी है। सूत्रों के मुताबिक सत्तार शेख के पास से एक चोरी का मोबाइल बरामद हुआ है। उसकी निशानदेही पर एक महिला से भी राधानगर पुलिस पूछताछ कर रही है। महिला चोर गिरोह के एक सदस्य की पत्नी बताई जा रही है। राधानगर थाने की पुलिस ने गुरुवार की रात पियारपुर से कई राज्यों के सोना चोरी के कथित आरोपित सत्तार शेख को हिरासत में लिया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए दो-तीन वाहनों से पुलिस छापेमारी को गई थी। उसे हिरासत लेने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी है। सत्तार शेख की गिरफ्तारी का महिला सदस्यों ने भी विरोध जताया था।
सत्तार शेख उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपित आलम शेख का भाई है। उसपर कई चोरी, एटीएम में चोरी सहित अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं। हाल के दिनों में राधानगर थाना क्षेत्र का कुख्यात शटर कटर गिरोह उत्तर प्रदेश के विभिन्न बैंकों तथा ज्वेलरी शॉप को निशाने पर लेते हुए चोरी की कई वारदात को अंजाम दे चुका है। सत्तार शेख को किस मामले में हिरासत में लिया गया इसका खुलासा नहीं हुआ है।
फिलहाल पुलिस ने सत्तार शेख की निशानदेही पर चोर गिरोह के एक अन्य सदस्य सायेद शेख के पत्नी को भी बीते रात हिरासत में लिया है। दोनों से पूछताछ के बाद राधानगर थाने की पुलिस मामले का खुलासा कर सकती है। थाना प्रभारी कुंदनकांत विमल ने बताया कि बड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने सत्तार शेख को हिरासत में लिया है। वरीय पुलिस पदाधिकारी के निर्देश पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।