साहिबगंज में बेकाबू स्कार्पियो का तांडव, दर्जनभर घायल; चालक समेत दो की ग्रामीणों ने की धुनाई
साहिबगंज में बुधवार शाम एक तेज रफ्तार स्कार्पियो ने केंदुआ चौक और पतना चौक पर दर्जनभर लोगों को टक्कर मार दी, जिससे कई राहगीर और दुकानदार घायल हो गए।

स्कार्पियो में सवार लोगों की पिटाई करते ग्रामीण। (फोटो साैजन्य)
HighLights
साहिबगंज में तेज रफ्तार स्कार्पियो ने दर्जनभर लोगों को टक्कर मारी।
केंदुआ और पतना चौक पर हुए हादसे में कई लोग घायल हुए।
आक्रोशित ग्रामीणों ने स्कार्पियो सवार दो लोगों को पकड़कर पीटा।
संवाद सहयोगी, पतना (साहिबगंज)। झारखंड के साहिबगंज जिले के रांगा थाना क्षेत्र के केंदुआ चौक में बुधवार शाम एक तेज रफ्तार स्कार्पियो ने दर्जनभर लोगों को धक्का मार दिया।
इस हादसे में बिशनपुर निवासी 79 वर्षीय मौलवी महासेन, 56 वर्षीय मोहम्मद मन्नान अली सहित कई राहगीर और दुकानदार घायल हो गए। कुछ बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गईं।
घटना के बाद आक्रोशित करीब 20 से 30 लोगों ने स्कार्पियो का पीछा किया। पीछा करते देख चालक और तेज गति से भागने लगा। इस दौरान पतना चौक के पास भी आधा दर्जन बाइक और लोगों को टक्कर मार दी।
लेकिन वाहन के सामने एक हाइवा आ जाने के कारण उसे पकड़ लिया गया। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने उसमें सवार दो लोगों को पकड़ लिया और जमकर उनकी धुनाई कर दी।
भीड़ ने स्कार्पियो में भी तोड़फोड़ की। पकड़े गए दोनों व्यक्ति उधवा के हैं। एक का नाम सुमन दास और दूसरे का नाम मोहम्मद शहबाज आलम है। घायल सुमन दास का इलाज बरहड़वा सीएचसी में कराया गया।
बताया जा रहा है कि स्कार्पियो (जेएच 15 एक्यू 5288) हिरणपुर की ओर से आ रही थी। यह गाड़ी देवघर के भरत कुमार दास के नाम से रजिस्टर्ड है। इसी साल अप्रैल में गाड़ी का रजिस्ट्रेशन हुआ है।
मामले की जानकारी मिलने पर रांगा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्कार्पियो को जब्त कर लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
