Railway News: साहिबगंज-बरहड़वा रेललाइन को बचाने का काम जारी, आज भी रद रहेंगी कई ट्रेनें
साहिबगंज-बरहड़वा रेलमार्ग पर कटावरोधी कार्य युद्धस्तर पर जारी है, जिससे गुरुवार को भी पैसेंजर ट्रेनें रद्द रहेंगी।

रेल लाइन में मिट्टी का कटाव। फाइल फोटो
HighLights
साहिबगंज-बरहड़वा रेलमार्ग पर कटावरोधी कार्य युद्धस्तर पर जारी।
गुरुवार को भी पैसेंजर ट्रेनें रद्द, शुक्रवार से यातायात संभव।
कटाव रोकने को अररिया-किशनगंज से दक्ष श्रमिक बुलाए गए।
जागरण संवाददाता, साहिबगंज। साहिबगंज-बरहड़वा रेलमार्ग पर महाराजपुर व सकरीगली के बीच रेलवे लाइन के किनारे हो रहे कटाव को रोकने के लिए युद्धस्तर पर कटावरोधी कार्य कराया जा रहा है। हालांकि, बुधवार को यह पूर्ण नहीं हो पाया। गुरुवार को भी यह जारी रहेगा।
ऐसे में गुरुवार को भी पैसेंजर ट्रेनों के रद रहने की आशंका है। शुक्रवार से डाउन लाइन पर यातायात सुचारू हो सकता है। 300 मीटर लंबाई में कटाव हो रहा है, लेकिन 160 मीटर में स्थिति गंभीर है। यहां कटाव व रेललाइन के बीच मात्र 10 मीटर का गैप है।
ऐसे में उक्त स्थल पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। बताया जाता है कि रेलवे ने राज्य सरकार से भी स्थिति से निबटने में सहयोग मांगा है।
इसके बाद बुधवार को गंगा पंप नगर के कार्यपालक अभियंता प्रेम सोरेन व साहिबगंज सीओ बासुकीनाथ टुडू ने कटाव स्थल का जायजा लिया।
गंगा पंप नहर को कटावरोधी कार्य का विशेषज्ञ माना जाता है। जिले में कटाव वाले क्षेत्रों में गंगा पंप नहर द्वारा ही कटावरोधी कार्य कराया जाता है।
अररिया व किशनगंज से बुलाया गए दक्ष श्रमिक
कटावरोधी कार्य करने के विशेषज्ञ मजदूरों को अररिया व किशनगंज से बुलाया गया है। उक्त मजदूर तार की जाली बनाते हैं जिसमें बोल्डर डालकर गंगा में डाला जाता है।
फिलहाल रेलवे प्रशासन द्वारा 300 मजदूरों को कटाव रोधी कार्य में लगाया गया है। रेल बैगनों से बोल्डर गिराया जा रहा है।
रेल प्रशासन के अनुसार इस कार्य में 150 बैगन बोल्डर लगने का अनुमान है। करीब 50 बैगन बोल्डर बुधवार की शाम तक कटाव स्थल पर डाला जा चुका था।
अब तक छह मेल-एक्सप्रेस और 39 पैसेंजर ट्रेनें रद
कटाव की वजह से अब तक छह मेल-एक्सप्रेस तथा 39 पैसेंजर ट्रेनों को रद किया जा चुका है। 21 मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों को डायवर्ट किया गया है।
एक मेल-एक्सप्रेस व चार पैसेंजर ट्रेनों को दूसरी स्टेशनों से चलाया गया है तथा दो मेल-एक्सप्रेस व चार पैसेंजर ट्रेनों का आंशिक समापन किया गया है।
गुरुवार को गया-हावड़ा, भागलपुर-रांची वनांचल, जमालपुर-हावड़ा, ब्रह्मपुत्र मेल तथा नटेसर-हावड़ा स्पेशल को डायवर्ट कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें- 3 राज्यों से होकर बंगाल से मुंबई जाएगी पूजा स्पेशल ट्रेन, टाटानगर-चक्रधरपुर समेत इन स्टेशनों पर स्टॉपेज
