कोटालपोखर के डीलर को निलंबित करने की अनुशंसा
कोटालपोखर (साहिबगंज) प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी सुरेंद्र कुमार साह राशन कार्डधारियों क
कोटालपोखर (साहिबगंज) : प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी सुरेंद्र कुमार साह राशन कार्डधारियों को कम अनाज देने की शिकायत की जांच करने शनिवार को जीवनपुर गांव पहुंचे। कार्डधारी दुलारी देवी, सुलेखा देवी व रेणु देवी से पूछताछ की। कार्डधारियों ने कहा कि डीलर मुकेश भगत वर्ष 2015 से ही हमलोगो को कम अनाज दे रहा है। अंत्योदय कार्डधारी को 35 किलो के बदले 24 किलो एवं लालकार्डधारी को औसतन पांच किलो कम अनाज का वितरण किया जा रहा है। मामले की जांच के बाद प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि जीवनपुर गांव के राशन कार्डधारियों ने कोरोना हेल्प सेंटर रांची में शिकायत दर्ज कराई थी। इसमें डीलर मुकेश कुमार भगत पर निर्धारित मात्रा से कम अनाज वितरण करने का आरोप लगाया था। इस पर जीवनपुर गांव की दुलारी देवी, सुलेखा देवी, रेणु देवी, वेवया देवी, फूलवतिया देवी एवं विमली देवी से पूछताछ की। इनके कार्ड का भी अवलोकन किया। मामला सत्य पाया गया। सुरेंद्र साह ने कहा कि जांच में जीवनपुर के इन कार्डधारियों को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत प्रति कार्डधारी औसतन सात किलो कम चावल दिया गया है। इसमें 11 किलो का गबन किया जा रहा है। साथ ही राशन कार्ड में वजन नहीं लिखा गया है। उन्होंने कहा कि डीलर मुकेश कुमार भगत को निलंबित करने की अनुशंसा की जा रही है। इसके साथ ही उसकी दुकान से जुड़े सभी राशनकार्डधारियों को डीलर संजय कुमार साह से टैग किया जा रहा है।