हमारे दिलों में सदैव जीवित रहेंगे रामविलास पासवान
लोजपा कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को गोड़ाबाड़ी स्थित पार्टी कार्यालय में केंद्रीय मंत्री व लोजपा सुप्रीमो रामविलास पासवान के निधन पर शोक जताया।
साहिबगंज : लोजपा कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को गोड़ाबाड़ी स्थित पार्टी कार्यालय में केंद्रीय मंत्री व लोजपा सुप्रीमो रामविलास पासवान के निधन पर शोक जताया। कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
लोजपा नेता आकाश पांडेय ने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी के अभिभावक व देश के केंद्रीय खाद्य आपूर्ति मंत्री रामविलास पासवान के निधन की खबर सुनकर अत्यंत मर्माहत हूं। यह हमलोगों के लिए अपूरणीय क्षति है। रामविलास पासवान देश की राजनीति के एक मंझे हुए राजनेता थे। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत शून्य से की और बिहार राज्य की राजनीतिक गलियारों से होते हुए देश की राजनीति के शिखर तक पहुंचे। रामविलास सभी जाति व धर्म के लोगों में काफी लोकप्रिय एवं जनप्रिय नेता थे। आकाश ने कहा कि रामविलास पासवान के निधन से लोकजनशक्ति पार्टी का हर एक कार्यकर्ता सदमे में है। वे हमेशा हमारे दिलों में जीवित रहेंगे। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।
गोड़ाबाड़ी स्थित पार्टी कार्यालय में जिलाध्यक्ष प्रदीप पासवान, छात्र लोजपा के प्रदेश अध्यक्ष जगत किशोर यादव, युवा लोजपा के जिला अध्यक्ष राजीव सिंह, महिला मोर्चा की जिला अध्यक्षा सोनी कुमारी, फूलचंद पासवान, जयप्रकाश वर्मा, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष मो. अज्जम अली, अब्दुल कयूम, धीरू, कार्तिक शाह, कल्पना देवी, शांति देवी, दीपक पासवान आदि उपस्थित थे।