गरीब विरोधी कानून से लोग भयभीत : विधायक
साहिबगंज राजमहल विधायक अनंत ओझा ने मास्क नहीं पहनने पर दो साल जेल व एक लाख रुपये के जु
साहिबगंज : राजमहल विधायक अनंत ओझा ने मास्क नहीं पहनने पर दो साल जेल व एक लाख रुपये के जुर्माने के प्रावधान को गरीब विरोधी बताया है। उन्होंने कहा कि यह कानून झारखंड सरकार की असफल शासन व्यवस्था के साथ-साथ गरीब जनता के ऊपर तानाशाही फरमान है। आज पूरा देश कोरोना महामारी से जूझ रहा है। लोग रोजी-रोटी के लिए भटक रहे हैं। आमदनी ठप है। लोग किसी तरह अपना गुजर बसर कर रहे हैं। ऐसे में इस तरह का कानून जनता के ऊपर अन्याय है। इस कानून से सबसे ज्यादा वह गरीब जनता पिसेगी, जो रोजमर्रा की कमाई से अपने परिवार का भरण-पोषण करती है।
विधायक ने झारखंड सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अखबारों के माध्यम से पता चला है कि आज पूरे प्रदेश में स्वास्थ्य व्यवस्था बीमार है। अस्पतालों में बेड नहीं है। डॉक्टरों की भारी कमी है। नर्स के भरोसे मरीजों को छोड़ा जा रहा है। रिम्स जैसे चिकित्सा संस्थान में भी संक्रमितजीने की गुहार लगा रहा है। साहिबगंज जिले के हजारों मरीजों का कोरोना टेस्ट रिपोर्ट में देरी हो रही है। राज्य में सरकार की तरफ से न मास्क और न ही सैनेटाइजर की व्यवस्था की गई है। साहिबगंज सहित पूरे प्रदेश में दिन-प्रतिदिन कोरोना मरीजों की संख्या में वृद्धि हो रही है। लोग डरे-सहमे हैं कि पता नही उनका नंबर कब आ जाए। यहां की जनता को भगवान भरोसे छोड़कर आरोप प्रत्यारोप में सरकार अपना समय व्यतीत न करें। विधायक ने लोगों अपने साथ-साथ अपने परिवार, समाज, देश के बचाव के लिए मास्क का उपयोग करें तथा दो मीटर की दूरी का पालन अवश्य करें।