गंगा नदी में डूबा नाव, वृद्ध लापता
इस हादसे में नाव पर सवार कन्हैया स्थान निवासी रामदास मंडल (62) डूब गए। खबर लिखे जाने तक ग्रामीण शव की खोजबीन में जुटे थे।
तालझारी (साहिबगंज) : राजमहल थाना क्षेत्र के कन्हैया स्थान के सामने गुरुवार की सुबह करीब 5:30 बजे गंगा नदी में एक छोटा नाव डूब गया। इस हादसे में नाव पर सवार कन्हैया स्थान निवासी रामदास मंडल (62) डूब गए। खबर लिखे जाने तक ग्रामीण शव की खोजबीन में जुटे थे। गंगा नदी में तेज धारा प्रवाहित होने के कारण खोजबीन में परेशानी हो रही थी।
कन्हैया स्थान निवासी रामदास मंडल दियारा में अपनी गाय रखते हैं। उसका दूध बेचकर ही जीवन-यापन कर रहे थे। रोज की तरह गुरुवार की सुबह भी वे गाय का दूध लाने के लिए एक छोटी नाव से गंगा नदी पार कर दियारा जा रहे थे। सुबह से ही पछुआ हवा चल रही थी। गंगा तट पर मौजूद लोगों ने गंगा नदी में उठ रही लहर को देखते हुए उन्हें छोटी नाव से दियारा जाने के लिए मना किया लेकिन वे नहीं माने। पछुआ हवा चलने के बावजूद वे अपनी छोटी नाव से गंगा नदी पार करने लगे। गंगा नदी में आधे से अधिक का सफर तय भी कर लिया लेकिन अंतत: नाव असंतुलित होकर नदी में डूब गई। कुछ देर तक वे नदी में तैरते रहे। लोगों से मदद की गुहार लगाते रहे लेकिन हवा के कारण गंगा नदी में उठ रही लहरों को वे अधिक समय तक नहीं झेल सके और डूब गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद उनकी पत्नी सुशीला देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।