यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 20, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
चोटीकटवा गिरोह के शक में उग्र भीड़ ने महिला को मार डाला
उग्र हुई भीड़ ने चोटीकटवा गिरोह के शक में शनिवार को चार लोगों को बंधक बनाकर जमकर पिटाई कर दी।

जागरण संवाददाता, साहिबगंज। राधानगर थानाक्षेत्र की एक महिला की चोटी कटने की सूचना पर उग्र हुई भीड़ ने चोटीकटवा गिरोह के शक में शनिवार को चार लोगों को बंधक बनाकर जमकर पिटाई कर दी। इनमें भागलपुर निवासी गोलबती देवी की मौत हो गई, जबकि कटिहार जिले के सन्हौली निवासी 11 वर्षीय चिरंजीव चौधरी की हालत गंभीर है।
ग्रामीणों के बंधक से दो अन्य को मुक्त कराने गई पुलिस पर लोगों ने पथराव कर दिया। इससे कई पुलिसकर्मी चोटिल हो गए। साथ ही, पुलिस के तीन वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस ने लाठीचार्ज और हवाई फाय¨रग कर बंधक बने दंपती भागलपुर शहर के मिरजानहाट निवासी साबो देवी व नागेश्वर चौधरी को मुक्त कराया। ये सभी भीख मांगने के लिए मीरनगर आए थे। बताया गया कि मीरनगर में राजाराम मंडल की विवाहित पुत्री मौसमी देवी की चोटी काटने की बात सामने आई।
सूचना मिलते ही संदेह पर कुछ लोगों ने कटहलबाड़ी से खुद को योगी बतानेवाले दंपती को जबरन ऑटो में बैठाकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मीरनगर ले आए। इस बीच राधानगर गांव में भीख मांग रही गोलबती देवी और बालक चिरंजीव को भी पकड़कर मीरनगर लाया गया। इसकी खबर मिलते ही काफी संख्या में ग्रामीण जुट गए। इसी बीच भीड़ उग्र हो गई और लोगों ने महिला व बच्चे को पीटकर अधमरा कर दिया। सूचना मिलते ही राधानगर पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिसकर्मियों ने महिला व बच्चे को किसी प्रकार भीड़ से मुक्त कराकर राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल पहुचांया, लेकिन चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। इधर, बंधक बना कर रखे गए साबो देवी व नागेश्वर चौधरी को मुक्त कराने में राधानगर थाना प्रभारी संजय प्रसाद, पुलिस अधिकारी एनके राय और जवान कामयाब नहीं हो सके तो मदद के लिए बरहड़वा और राजमहल थाने से पुलिस बल को बुलाया गया। फिर भी भीड़ को नियंत्रित नहीं किया जा सका। खबर पाकर एसपी साहिबगंज पी. मुरुगन और राजमहल अनुमंडल पदाधिकारी चिंटू दोराईबुरु भी मीरनगर पहुंचे।
पुलिस अधिकारियों ने समझाने का प्रयास किया मगर ग्रामीण नही माने। इस बीच भीड़ ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। पथराव में बरहड़वा इंस्पेक्टर कपिलदेव प्रसाद केसरी, राधानगर थाना प्रभारी संजय कुमार, बरहड़वा थाना प्रभारी विनोद कुमार के अलावा कई जवान जख्मी हो गए। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने लाठीचार्ज कर चार-पांच राउंड फायरिंग की। भीड़ को तितर-बितर कर पुलिस ने लोगों के कब्जे से दोनों को मुक्त कराया। घायल पुलिसकर्मियों का इलाज बरहड़वा सीएचसी में चल रहा है।
संतालपरगना के डीआईजी अखिलेश झा ने साहिबगंज जिले के राधानगर थाना क्षेत्र के मीरनगर में चोटी कटवा की अफवाह पर महिला को पीट पीटकर मार डालने और बच्चे को घायल करने की घटना की जांच की।
साहेबगंज जिला के मी रनगर की घटना को लेकर मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। जनता कानून अपने हाथ मे न ले। मृत महिला के बच्चे की देखभाल सरकार करेगी। ज्ञात हो कि चोटिकटवा की अफवाह में भीड़ ने एक महिला की हत्या कर दी थी और बच्चा घायल हो गया था।
साहिबगंज जिले के एसपी पी मुरुगन ने सभी थाना प्रभारी को अपने अपने थाना क्षेत्र मे अफवाह रोकने के लिए पुलिस पब्लिक मीटिंग करने का निर्देश दिया है। इस पर थाना प्रभारियों ने अमल करना शुरू कर दिया है।
जानिए, किसने क्या कहा
मीरनगर में चोटीकटवा के शक में चार लोगों को बंधक बनाकर जमकर मारपीट की गई। इसमें महिला गोलबती देवी की मौत हो गई। पुलिस को भी लोगों ने निशाना बनाया। मामले की छानबीन चल रही है। पीटकर हत्या करनेवालों पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
-पी,मुरुगन, एसपी साहिबगंज।
---
लोगों को चोटी कटवा की अफवाह पर ध्यान नहीं देना चाहिए, क्योंकि इसमें कोई सच्चाई नहीं है। अगर कोई कहीं ऐसी अफवाह फैलाता है तो तुरंत पुलिस प्रशासन को सूचना दें। इस मामले में दोषियों की पहचान की जा रही है।
-डॉ. शैलेश कुमार चौरसिया, उपायुक्त, साहिबगंज।
---
यह भी पढ़ेंः हेलीकॉप्टर नक्सल अभियान के लिए, उड़ान भरते रहे नेता
यह भी पढ़ेंः पांच साल में गुजरात व महाराष्ट्र से आगे होगा झारखंड: रघुवर
