विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'घर-जमीन और दौलत सबकुछ है...', साहिबगंज की छात्रा को 2 बच्चों का पिता दे रहा था शादी का ऑफर; RPF ने दबोचा

Published: Mon, 21 Sep 2026 07:10 PM (IST)Updated: Mon, 21 Sep 2026 07:23 PM (IST)

मिर्जाचौकी रेलवे स्टेशन पर एक छात्रा को शादी का प्रस्ताव देने वाले दो बच्चों के पिता मिथिलेश मंडल को आरपीएफ और जीआरपी ने हिरासत में लेकर जेल भेज दिया।

HighLights

  1. मिर्जाचौकी स्टेशन पर छात्रा को शादी का प्रस्ताव दिया।

  2. वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़ा।

  3. दो बच्चों का पिता मिथिलेश मंडल गिरफ्तार कर जेल भेजा।

संवाद सहयोगी, मंडरो (साहिबगंज)। मिर्जाचौकी रेलवे स्टेशन पर साहिबगंज कॉलेज की छात्रा को शादी का प्रस्ताव देने वाले भागलपुर जिले के घोघा थाना क्षेत्र के मिथलेश मंडल को सोमवार को आरपीएफ एवं जीआरपी की संयुक्त टीम ने हिरासत में ले लिया।

पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया गया। वह दो बच्चों का पिता है और मिर्जाचौकी क्षेत्र में घूम-घूम कर खिलौना आदि बेचता था।

दो दिन पूर्व इंटरनेट मीडिया में एक वीडियो प्रसारित हुआ जिसमें एक छात्रा बता रही थी कि वह मिर्जाचौकी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के इंतजार में बैठी थी तभी वह आया और समय पूछने के बहाने उससे बात करने लगा।

इस दौरान उसे शादी का ऑफर भी दे दिया। कहा कि उसके पास घर, जमीन, दौलत सब कुछ है। कोई चीज की कमी नहीं है। बाथरूम है, किचन है। वीडियो में छात्रा स्पष्ट कह रही है कि वह यहां शादी करने नहीं आयी है। वह कॉलेज जा रही है।

इस वीडियो के वायरल होने के बाद रेल प्रशासन हरकत में आया। विगत दो दिन से उसकी खोज पुलिस कर रही थी। सोमवार को वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

दो दिन पहले वायरल हुआ था वीडियो

आरपीएफ इंस्पेक्टर गुलाम सरवर ने बताया कि दो दिन पूर्व इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें एक कॉलेज छात्रा ने आरोप लगाया था कि मिर्जाचौकी रेलवे स्टेशन पर एक व्यक्ति ने उसे शादी का झूठा झांसा देकर अपने प्रभाव में लेने का प्रयास किया।

छात्रा ने वीडियो के माध्यम से मामले में कार्रवाई की मांग की थी। वीडियो सामने आने के बाद रेल प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया। सोमवार को आरपीएफ-जीआरपी टीम ने स्टेशन परिसर में छापेमारी कर स्टेशन की सीढ़ी के समीप से आरोपित को हिरासत में लिया।

इंस्पेक्टर ने बताया कि हिरासत में लिए गए व्यक्ति को पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया। इस मौके पर जीआरपी थाना प्रभारी सत्यदेव राम, एएसआई पी. दास, हवलदार मनोज सिंह, आरक्षी अमरेंद्र कुमार सिंह, अमित कुमार आदि मौजूद थे।

यह भी पढ़ें- साहिबगंज-गोड्डा के लिए खुशखबरी: मिर्जाचौकी से महागामा तक बनेगा 49.5 किमी फोरलेन, रांची-देवघर का सफर होगा आसान