रानी मिस्त्रियों को मिला लेबर कार्ड
राजमहल के सिघी दलान स्थित नगर पंचायत भवन में सोमवार को कार्यक्रम आयोजित कर 40 प्रशिक्षण प्राप्त रानी मिस्त्रियों को लेबर कार्ड प्रदान किया गया।
संवाद सहयोगी, राजमहल (साहिबगंज) : राजमहल के सिघी दलान स्थित नगर पंचायत भवन में सोमवार को कार्यक्रम आयोजित कर 40 प्रशिक्षण प्राप्त रानी मिस्त्रियों को लेबर कार्ड प्रदान किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पंचायत अध्यक्ष केताबुद्दीन शेख, उपाध्यक्ष पार्थ कुमार दत्ता उपस्थित थे। इस संबंध में पास्टर सोरेन ने बताया कि झारखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा महिला श्रमिकों का पंजीकरण करवा कर लेबर कार्ड दिया जा रहा है। नगर पंचायत अध्यक्ष ़केताबुद्दीन शेख ने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त रानी मिस्त्रियों को अगर काम नही मिलता है तो नगर पंचायत की ओर से शहर में विकास कार्य करवाया जा रहा है। उसमें रानी मिस्त्रियों को भी काम दिया जाएगा। उपाध्यक्ष पार्थ कुमार दत्ता ने सरकार की ओर से चलायी जा रही योजनाओं की जानकारी दी। असंगठित क्षेत्र के मजदूरों के लिए सरकार अनेक योजनाएं चला रही है। जानकारी के अभाव में श्रमिक इसका लाभ नहीं ले पाते हैं। रानी मिस्त्रियों को प्रसव के दौरान अच्छे खानपान के लिए 15 हजार रुपए, बच्चों के लिए पांच हजार से लेकर 50 हजार तक की छात्रवृत्ति, 5 किलोमीटर से अधिक दूरी पर कार्य करने पर साइकिल खरीदने के लिए 35 सौ रुपए सहित अनेक सहायता उपलब्ध करवाती है। मौके पर रानी मिस्त्री सुखी देवी, रानी देवी, सुनीता देवी, नैना देवी, रीता देवी, प्रभा देवी, शिखा देवी, परमो देवी, पार्वती देवी, चमेली खातून, रज्जो बीबी आदि उपस्थित थी।