साहिबगंज में हैवान बने पति ने पीट-पीटकर की पत्नी की हत्या, शव मायके में फेंककर हुआ फरार
साहिबगंज में पति धोना किस्कू ने अपनी पत्नी दुल्हन हेम्ब्रम की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी और शव को उसके मायके में फेंककर फरार हो गया।

पति ने पीट-पीटकर की पत्नी की हत्या(प्रतीकात्मक तस्वीर)
HighLights
पति धोना किस्कू ने पत्नी दुल्हन हेम्ब्रम की हत्या की।
शव को मायके में फेंककर आरोपी पति फरार हो गया था।
पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेजा।
संवाद सहयोगी, पतना (साहिबगंज)। रांगा थाना क्षेत्र के विशनपुर गांगु टोला निवासी धोना किस्कू ने बुधवार की रात पत्नी दुल्हन हेम्ब्रम की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी और शव को उसके मायके (मृतका के चाचा) में फेंक कर फरार हो गया। इस संबंध में ग्राम प्रधान (मृतका के चाचा) ढेपांग हेम्ब्रम ने थाने में आवेदन देकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। ग्राम प्रधान ने बताया कि आठ सितंबर को दोपहर करीब 12 बजे धोना किस्कू अपने ही घर के आंगन में अपनी पत्नी को बेरहमी से पीट रहा था। आवाज सुनकर वे और गांव के कई महिला-पुरुष बीच-बचाव के लिए पहुंचे लेकिन आरोपित ने मारपीट बंद नहीं की।
पंचायती के अगले दिन फिर से पत्नी को पीटा
ग्रामीणों द्वारा कड़ा रुख अपनाने पर उसने मारपीट बंद की। तब तक दुल्हन हेम्ब्रम बेहोश हो चुकी थी। ग्रामीणों ने आरोपित पर निगरानी रखी और पंचायती कर पत्नी का इलाज कराने एवं भविष्य में ऐसी घटना नहीं हो इसके निर्देश दिए परंतु अगले दिन नौ सितंबर को शाम चार बजे फिर से धोना ने अपनी पत्नी की पिटाई शुरू कर दी।
ग्राम प्रधान द्वारा मना करने पर वह अपनी पत्नी को प्रांगण से घसीट कर अपने घर के अंदर ले गया और अंदर से दरवाजा बंद कर दिया। देर रात तक वह पत्नी को पीटता रहा। पत्नी की चीख-पुकार सुन ग्रामीण दरवाजे के बाहर घेराबंदी कर दरवाजा खोलने को कहा लेकिन उसने दरवाजा नहीं खोला। कुछ देर बाद अंदर से आवाज आनी बंद हो गई।
सुबह में दुल्हन हेम्ब्रम का शव मेरे आंगन में पड़ा हुआ था। इसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गयी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर स्वजनों को सौंप दिया। उसके दो बच्चे हैं। थाना प्रभारी अखिलेश यादव ने बताया कि आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है।
