कोरोना से निधन पर मिले 50 लाख का मुआवजा
संवाद सहयोगी साहिबगंज अखिल भारतीय अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर झारखंड राज्य
संवाद सहयोगी, साहिबगंज : अखिल भारतीय अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर झारखंड राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट के समीप भोजनावकाश के समय सांकेतिक धरना दिया। नेतृत्व संघ के जिला मंत्री राणाविजय कुमार सिंह ने किया। इसके बाद कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री के नाम उपायुक्त को एक ज्ञापन सौंपा। इसमें कहा गया कि राज्य सरकार की विभिन्न उपलब्धियों में कर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान रहता है। कोरोना काल में अपनी जिम्मेवारी का निर्वहन करते हुए हजारों कर्मी संक्रमित हुए और सौ से अधिक की राज्यकर्मियों की मौत हो गई। इस दौरान कर्मचारियों को महंगाई का सामना करना पड़ रहा है।। बीमा लाभ, मुआवजा के बजाय महंगाई भत्ता फ्रीज कर दिया गया है। अनुबंध व आउटसोर्सिग कर्मियों की सेवा स्थायी करने के बदले उनकी उपेक्षा की जा रही है। कुछ आउटसोर्सिंग कर्मियों को सेवा से हटा दिया गया है जो उचित नहीं है। इस मौके पर राणा विजय सिंह ने कहा कि कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए हम अपनी मांगों को लेकर धरना दे रहे हैं। सभी कर्मियों को कोविड टीका जल्द लगाया जाए। आबादी के अनुपात में स्वास्थ्य ढांचे का विस्तार किया जाए और स्वास्थ्य को मौलिक अधिकार में शामिल किया जाए। कोरोना से निधन होने पर कर्मचारियों के परिजनों को 50 लाख रुपयेका मुआवजा दिया जाय तथा उनके आश्रित को नौकरी दी जाए। 2020 से रोके गये डीए, एलटीसी आदि को बहाल किया जाये। नौकरी से निकाले गये अनुबंध, आउटसोसिग कर्मियों को स्थायी किया जाए। तीनों कृषि कानूनों को रद किया जाए। पेट्रोलियम पदार्थों व खाद्य पदार्थाें की महंगाई पर रोक लगायी जाए। मौके पर मनोहर दास, नवीन कुमार, जयराम यादव, सत्येन्द्र प्रसाद, अभिमन्यु प्रसाद सिंह, रेणु कुमारी, बैजंती कुमारी, बच्ची देवी आदि मौजूद थे।