काल बन मचान पर गिरी आसमानी बिजली, तीन की माैत Sahebganj News
राधानगर थाना क्षेत्र की पश्चिमी उधवा पंचायत स्थित बाबू टोला एनएच मुख्य सड़क से सटे बांस के मचान पर वज्रपात हुआ। मचान पर बैठे तीन किशोर में से दो की मौके पर ही मौत हो गई।
उधवा(साहिबगंज), जेएनएन। राधानगर थाना क्षेत्र की पूर्वी उधवा दियारा तथा पश्चिमी उधवा पंचायत में दो अलग-अलग स्थान पर ठनका गिरने से तीन किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। चार अन्य किशोर घायल हो गए। सभी की उम्र लगभग 8 से 10 वर्ष है। घायलों का इलाज अपने-अपने नजदीकी निजी क्लिनिक में कराया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह से ही बारिश हो रही थी। इसी बीच राधानगर थाना क्षेत्र की पश्चिमी उधवा पंचायत स्थित बाबू टोला एनएच मुख्य सड़क से सटे बांस के मचान पर वज्रपात हुआ। मचान पर बैठे तीन किशोर में से दो की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक बेहोश हो गया। तीनों किशोर बारिश से बचने के लिए बांस से बने मचान पर रुके थे। इसी समय पूर्वी उधवा दियारा पंचायत के पीरु मंडल टोला गांव के एक घर के बरामदे पर भी वज्रपात हुआ। बरामदे में खेल रहे कुछ बच्चों में से एक छह वर्षीय बच्चे की मौत मौके पर ही हो गई जबकि उनके साथ खेल रहे एक ही परिवार के तीन अन्य किशोर आंशिक रूप से घायल हो गये। घायलों का प्राथमिक इलाज गांव के ही एक क्लिनिक में कराया जा रहा है।
अंधविश्वास के चलते नहीं कराते पोस्टमार्टम: अंचल अधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी राजेश एक्का ने बताया कि पोस्टमार्टम तथा अन्य प्रक्रिया नहीं कराने पर मुआवजा नहीं मिलेगा। उन्होंने बताया कि अक्सर मुस्लिम समुदाय के लोग धार्मिक ठेस पहुंचने की बात कहकर प्राकृतिक दुर्घटना में मरे लोगों के शव का पोस्टमार्टम नहीं कराते। इस कारण ऐसे लोग मुआवजा से वंचित रह जाते हैं। उन्होंने बताया कि सरकार घटना या दुर्घटना से मृत्यु होने पर उनके परिवारों को आर्थिक संतुष्टि के लिए राहत के रूप में मुआवजा देती हैं। लेकिन अंधविश्वास के कारण मुस्लिम लोग ऐसे लाभ से वंचित रह जाते हैं।