मनरेगा में नहीं बढ़ी महिलाओं की भागीदारी
साहिबगंज : साहिबगंज जिले में चल रही मनरेगा योजनाओं में योजना स्थल पर महिला मजदूरों को सुविधा नहीं म
साहिबगंज : साहिबगंज जिले में चल रही मनरेगा योजनाओं में योजना स्थल पर महिला मजदूरों को सुविधा नहीं मिलने के कारण महिलाओं की भागीदारी मनरेगा योजनाओं में नहीं बढ़ पा रही है। जिले में अक्टूबर माह तक जहां कुल 15,89,939 मजदूरों को काम मिला। परंतु इसमें महिला मजदूरों की संख्या केवल 467882 है। यह आंकड़ा भी जिला ग्रामीण विकास अभिकरण से प्राप्त हुआ है। मनरेगा एक्ट के तहत पांच या उससे अधिक महिला मजदूरों की देखभाल के लिए योजना स्थल पर पालना गृह का इंतजाम करना है। इसके अलावा कार्य स्थल पर महिला मजदूरों के लिए पेयजल व विश्राम के लिए शेड की व्यवस्था करने का प्रावधान है। मनरेगा एक्ट के अनुसार कम से कम 33 फीसद महिला मजदूरों को साल में सौ दिन काम देना है। परंतु जिले में औसतन 24 फीसद महिला मजदूरों को ही काम मिल पाता है। काम पाने वाली महिला मजदूर 100 दिन का काम नहीं कर पा रही हैं। बच्चा लेकर पालना घर की तलाश में भटकने के बाद जब पालना घर नहीं मिलता है तो महिला मजदूर काम पर नहीं आती हैं। हालत यह है कि मनरेगा में कार्य स्थल पर सुविधा के अभाव में मनरेगा के प्रति महिलाओं का आकर्षण कम होता जा रहा है। महिलाएं दो वक्त की रोटी जुटाने के लिए दूसरे कार्य करती हैं।
-------------
'मनरेगा में कार्य स्थल पर महिला मजदूरों को सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया जाता है। अगर कहीं से शिकायत आती है कि सुविधा नहीं मिल रही है तो जांच कर कार्रवाई भी की जाती है। ज्यादा से ज्यादा महिलाएं मनरेगा से जुड़ें इसके लिए प्रयास चल रहा है।
प्रेमकांत झा
उप विकास आयुक्त, साहिबगंज