रांची में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान महिला से मारपीट और अभद्रता, सात नामजद सहित अन्य पर प्राथमिकी
रांची में जेपीएससी-जेएसएससी सुधार मंच के प्रदर्शन के दौरान एक महिला से अभद्रता और मारपीट का मामला सामने आया है। ...और पढ़ें

21 अगस्त के छात्रों के विरोध प्रदर्शन और सीएम के पुतला दहन में रांची में भी झड़पें, झामुमो समर्थकों पर आरोप।
जागरण संवाददाता, रांची। कोतवाली थाना क्षेत्र के चड़री तालाब के समीप शुक्रवार की शाम जेपीएससी-जेएसएससी सुधार मंच के प्रदर्शन के दौरान हंगामा और मारपीट की घटना सामने आई।
मामले में न्यू शास्त्री नगर, रातू रोड निवासी अंकिता वर्मा की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता-2023 की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। प्राथमिकी में सात लोगों को नामजद किया गया है, जबकि अन्य अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है।
जेल चौक से मेन रोड जा रही थी महिला
प्राथमिकी के अनुसार, घटना 21 अगस्त की शाम करीब सात बजे की है। अंकिता वर्मा जेल चौक से मेन रोड स्थित फिरायालाल की ओर जा रही थीं। इसी दौरान जेपीएससी-जेएसएससी सुधार मंच के बैनर, झंडे और पुतले लेकर कुछ लोग सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए फिरायालाल की ओर बढ़ रहे थे। चड़री तालाब के पास प्रदर्शनकारियों का किसी दूसरे समूह के साथ विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।
दूसरे गुट का सदस्य समझकर घेरने का आरोप
महिला का आरोप है कि भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने उन्हें दूसरे गुट का सदस्य समझकर घेर लिया और गाली-गलौज करने लगे। उन्होंने खुद को किसी भी संगठन या समूह से जुड़ा नहीं होने की बात कही, इसके बावजूद आरोपितों ने उनके साथ अभद्रता की।
महिला ने आरोप लगाया कि उनके कपड़े फाड़ दिए गए और मारपीट की गई। शोर मचाने पर मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने किसी तरह महिला को भीड़ से बाहर निकाला। शिकायत के अनुसार, मारपीट में उनके बाएं हाथ समेत शरीर के अन्य हिस्सों में चोट लगी है।
सात लोगों को नामजद किया
महिला ने शिकायत में कुणाल कुमार, पियुष, रविन्द्र पासवान, चंडी तिवारी, चितरंजन कुमार, सौरभ वीरेंद्र प्रताप पटेल और सुमित शर्मा को नामजद किया है। इसके अलावा अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि भीड़ में शामिल कुछ लोगों को वह पहले समाचार चैनलों में देख चुकी हैं, इसलिए उनकी पहचान कर सकीं। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के दौरान मौजूद लोगों, प्रत्यक्षदर्शियों और उपलब्ध वीडियो फुटेज के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है।
