पत्नी HIV पॉजिटिव, पति ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर मांगी इच्छा मृत्यु Ranchi News
मेरी पत्नी का इलाज नहीं हो सकता है तो उसे इच्छा मृत्यु दे दी जाए। आरोप लगाया कि पीएमसीएच में उनकी पत्नी के ऑपरेशन में लापरवाही होने के कारण उसकी यह हालत हुई है।
रांची, जासं। रिम्स में भर्ती धनबाद जिला की रहने वाली एक महिला को एचआइवी पॉजिटिव की पुष्टि के बाद उसके पति ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर इच्छा मृत्यु की मांग की है। उन्होंने पत्र में लिखा है कि एक महीना पहले पत्नी को धनबाद पीएमसीएच में गॉल ब्लाडर में पथरी के इलाज के लिए भर्ती कराया था। ऑपरेशन के 15 दिन बाद ड्रेन निकालने के बाद पत्नी कोमा में चली गई। इसके बाद मंगलवार को उसे रिम्स रेफर कर दिया गया। एचआइवी पॉजिटिव होने के कारण उसे रिम्स में भर्ती नहीं लिया जा रहा था। स्वास्थ्य सचिव से सिफारिश के बाद उसे मंगलवार की रात रिम्स में भर्ती किया गया।
रिम्स प्रबंधन पर इलाज में आनाकानी करने का लगाया आरोप
मरीज के पति ने बताया कि भर्ती करने के बाद रिम्स अधीक्षक ने उससे कहा कि इसका इलाज यहां नहीं हो सकता। मरीज को बेहतर इलाज के लिए बाहर ले जाएं। व्यक्ति ने रिम्स प्रबंधन पर आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में कहा है कि अगर उनकी पत्नी का इलाज नहीं हो सकता है तो उनकी पत्नी को इच्छा मृत्यु दे दी जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पीएमसीएच में उनकी पत्नी के ऑपरेशन में लापरवाही होने के कारण उसकी यह हालत हुई है।