Police Department: पुलिस महकमे में बड़ा खेल, एक एसपी ने नकारा; दूसरे ने थानेदार बनाया Lohardaga News
Jharkhand News. मामला लोहरदगा का है। इंस्पेक्टर केश्वर स्पोट्र्स कोटा के पदाधिकारी हैं। एसपी ने कहा था कि केश्वर को अनुसंधान और विधि व्यवस्था की जानकारी नहीं है।
रांची, राज्य ब्यूरो। लोहरदगा में जिस पुलिस निरीक्षक को पूर्व एसपी प्रियदर्शी आलोक ने अयोग्य घोषित करते हुए पुलिस मुख्यालय में रिपोर्ट की थी, उसे नई एसपी प्रियंका मीणा ने लोहरदगा का थानेदार बनाया है। पुलिस निरीक्षक केश्वर साहू स्पोर्ट्स कोटा से नियुक्त हुए हैं। गत माह 23 अप्रैल को तत्कालीन एसपी प्रियदर्शी आलोक ने डीजी मुख्यालय पीआरके नायडू से पत्राचार किया था। उन्होंने अपने पत्र में लोहरदगा के दो पुलिस निरीक्षकों को हटाने तथा उनके स्थान पर दूसरे पुलिस निरीक्षकों को देने की मांग की थी।
जिन्हें हटाने की अनुशंसा की गई थी, उनमें एक जय प्रकाश राणा व दूसरे केश्वर साहू हैं। जयप्रकाश राणा पर आरोप है कि उनके लोहरदगा थानेदार रहते 23 जनवरी को लोहरदगा शहरी क्षेत्र में सांप्रदायिक दंगा की घटना घटी। उनपर क्षेत्र की गोपनीय सूचना नहीं जुटाने का आरोप लगा था। इसके बाद तत्कालीन डीआइजी ने उन्हें थानेदार से हटाते हुए उनपर विभागीय कार्रवाई चलाने का आदेश दिया था, लेकिन जिले में इंस्पेक्टर नहीं होने के चलते उन्हें लोहरदगा थानेदार के पद से नहीं हटाया जा सका था।
वर्तमान में वे पुलिस केंद्र लोहरदगा में पदस्थापित हैं। इधर, पुलिस निरीक्षक केश्वर साहू के बारे में पूर्व एसपी ने लिखा कि केश्वर साहू स्पोर्ट्स कोटा से नियुक्त हुए हैं। उन्हें कांड के अनुसंधान का अनुभव नहीं है। लोहरदगा जैसे सांप्रदायिक व अति संवेदनशील नक्सल प्रभावित जिले में केश्वर साहू व जयप्रकाश राणा का रहना ठीक नहीं है। इनके स्थान पर दूसरे पुलिस निरीक्षक दिए जाएं।