12 नक्सलियों के विरुद्ध देशद्रोह का मुकदमा चलाने की मांगी अनुमति
Jharkhand. पश्चिमी सिंहभूम के डीसी ने गृह विभाग से मांगी अनुमति। आरोपितों में कई महिला नक्सली भी। सोनुआ थाने में दर्ज है प्राथमिकी।
रांची, राज्य ब्यूरो। पश्चिमी सिंहभूम के डीसी ने गृह कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग को पत्र लिखकर 12 नक्सलियों के विरुद्ध देशद्रोह का मुकदमा चलाने की अनुमति मांगी है। नक्सलियों में कई महिला नक्सली भी शामिल हैं। मामला पश्चिमी सिंहभूम के सोनुआ थाने से संबंधित है। आरोपित भाकपा माओवादी के नक्सलियों पर 21 सितंबर 2017 को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। बताते चलें कि सोनुआ क्षेत्र में सीआरपीएफ, सैट-3 व जिला बल गुप्त सूचना के सत्यापन के लिए निकले थे।
माओवादियों को पुलिस बल के आने की भनक लग गई थी और वे पहाड़ एवं जंगल का फायदा उठाकर भाग निकले थे। घटनास्थल से सर्च के क्रम में गोली व विस्फोटक के साथ-साथ अन्य सामान भी बरामद किए गए थे। इसके बाद ही पुलिस के बयान पर माओवादियों के विरुद्ध देशद्रोह की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। अब मुकदमा चलाने के लिए सरकार की अनुमति मांगी गई है।
इनके विरुद्ध मुकदमा चलाने की मांगी गई है अनुमति
जीवन कंडुलना (सब जोनल कमांडर, जापुद, रनिया, खूंटी), सुरेश मुंडा (बारूहातू, बुंडू), मास्टर उर्फ अविनाश, सुभाष, लोदरो लोहार (बुंडू), रेणुका हेम्ब्रम (रघुरामडेरा, गुदड़ी, पश्चिमी सिंहभूम), सुनीता बोदरा (डोंगेबेड़ा, गुदड़ी, पश्चिमी सिंहभूम), दामू उर्फ लेडे उर्फ टिपु (डोंगेबेड़ा, गुदड़ी, पश्चिमी सिंहभूम), चंद्र मोहर बोदरा उर्फ शुगर (हितकेकेपेसेद, गुदड़ी, पश्चिमी सिंहभूम), जुपु गगराई (सोयमारी, गुदड़ी, पश्चिमी सिंहभूम), हागोल मारा (सोरोपसाई टोला, डोंगेबेड़ा दुकान टोला, गुदड़ी, पश्चिमी सिंहभूम), खुशनू बोदरा (सोयमारी, गुदड़ी, पश्चिमी सिंहभूम)।