मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट, कल से तीन दिनों तक भारी बारिश
रांची उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी व आसपास के क्षेत्रों में बन रहा निम्न दाब क्षेत्र के कारण कल से तीन दिनों तक भारी बारिश की संभावना मौसम विभाग ने जताई है।
जागरण संवाददाता, रांची : उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी व आसपास के क्षेत्रों में बन रहा निम्न दाब क्षेत्र 48 घंटे में प्रभावी होगा। जिसके कारण छह से आठ अगस्त तक राज्य के दक्षिणी, उत्तर-पूर्वी, मध्य, उत्तर-पश्चिमी व दक्षिण-पश्चिमी जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग की ओर से येलो अलर्ट जारी किया गया है। जारी अलर्ट के अनुसार सोमवार व मंगलवार को रांची समेत आसपास के क्षेत्रों में दो या दो से अधिक बार मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। जबकि बुधवार व गुरुवार को मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिक आरएस शर्मा ने बताया कि छह अगस्त को राज्य के दक्षिणी व उत्तर पूर्वी जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। सात अगस्त को रांची सहित मध्य, दक्षिणी व उत्तर-पूर्वी जिलों में एक-दो स्थानों पर व आठ अगस्त को राज्य के उत्तर-पश्चिमी व दक्षिण-पश्चिमी जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। 2.0 डिसे अधिक रहा रांची का तापमान
रविवार को रांची का अधिकतम तापमान सामान्य तापमान की अपेक्षा 2.0 डिसे. अधिक रिकॉर्ड किया गया। जबकि रविवार को 1.8 मिमी. बारिश रिकॉर्ड किया गया। इधर, शनिवार की सुबह 8:30 से रविवार की सुबह 8:30 बजे तक मौसम विभाग ने 8.6 मिमी. बारिश रिकॉर्ड किया। रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट के मायने :
मौसम विभाग मौसम की स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अलर्ट जारी करता है। इनमें रेड, येलो, ऑरेंज व ग्रीन शामिल हैं। अलर्ट जारी करने के पीछे मकसद यह होता है कि आने वाले खतरों से लोगों को सतर्क करना है। येलो अलर्ट के तहत लोगों को सचेत रहने के लिए कहा जाता है।
------
रविवार का मौसम (डिसे. में)
शहर अधिकतम न्यूनतम
रांची 30.6 23.4
कांके 30.2 24.0
जमशेदपुर 33.8 26.6
डालटनगंज 34.6 26.3
चाईबासा 29.0 24.8
दुमका 32.6 26.4
पाकुड़ 33.2 27.4
-----