शातिर अपराधी सोनू के भतीजे तौफीक की हत्या, वीआइपी इलाके में मिली लाश
रांची के वीआइपी इलाका लालपुर के सरकुलर रोड में महेंद्र प्रसाद सिंह महिला कॉलेज वाली गली में मृतक तौफीक का शव पड़ा हुआ था।
रांची, जासं। रांची के कुख्यात अपराधी सोनू इमरोज के भतीजे तौफीक की हत्या कर दी गई है। उसकी हत्या चाकू मारकर की गई है। रांची के वीआइपी इलाका लालपुर के सरकुलर रोड स्थित महेंद्र प्रसाद सिंह महिला कॉलेज वाली गली में शुक्रवार सुबह तौफीक का शव पड़ा हुआ था। मामले की जानकारी मिलते ही लालपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा।
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।लालपुर इंस्पेक्टर रमोद कुमार सिंह के अनुसार तौफीक की हत्या किसी दूसरी जगह कर शव महेंद्र सिंह कॉलेज वाली गली में फेंक दिया गया है। जिस जगह पर तौफीक का शव पड़ा हुआ था वहां खून के एक दो धब्बे ही मिले हैं। पुलिस की ओर से कहा गया है कि तौफीक की हत्या चाकू मारकर की गई है।
आपसी रंजिश में हत्या की आशंका : पुलिस इस हत्या का कारण आपसी रंजिश मान रही है। तौफीक रांची के कर्बला चौक इलाके का रहने वाला था। उसका चाचा सोनू इमरोज रांची के कुख्यात अपराधियों में से एक है। पुलिस की एक टीम हत्यारों की तलाश में जुट गई है। लोअर बाजार थाना की पुलिस भी इस हत्याकांड की जांच कर रही है।