झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री चुनाव: कुणाल अजमानी बने नए अध्यक्ष, उपाध्यक्ष पद पर महेश व आलोक जीते Ranchi News
Jharkhand Chamber of Commerce. चुनाव पदाधिकारी विष्णु बुधिया व पवन शर्मा ने बताया कि इस बार चुनाव ऑनलाइन की जगह ऑफलाइन प्रक्रिया से हो रहा है।
रांची, जासं। कुणाल अजमानी झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के नए अध्यक्ष चुने गए हैं। रविवार को हुए चुनाव के बाद देर शाम तक चली मतगणना में उन्हें 1593 वोट मिले। चैंबर चुनाव में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष के दो पदों पर हुए चुनाव में दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल से महेश कुमार साहू विजयी रहे। वहीं संथाल परगना प्रमंडल से आलोक मालिक निर्वाचित घोषित किए गए। दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल में महेश कुमार साहू को 25 मत मिले और रमेश कुमार को 14 मत मिले। वहीं संथाल परगना प्रमंडल में आलोक मलिक को 18 मत तथा प्रदीप कुमार बजाज को 11 मत मिले। चुनाव समिति के चेयरमैन ने इसकी घोषणा की। उन्होंने बताया कि कुल छह प्रमंडल में से चार पर पहले ही प्रत्याशी निर्विरोध चुने जा चुके हैं। किशोर मंत्री टीम से किशोर मंत्री, आरडी सिंह और आदित्य मल्होत्रा विजयी हुए हैं।
देर शाम समाप्त हुए चुनाव में कुल 2100 वोट पड़े। राजधानी रांची के मारवाड़ी भवन में सुबह 9 बजे वोटिंग शुरू हुई। यहां राज्यभर के व्यापारी दोबारा मतदान के लिए जुटे। आठ सितंबर को मारवाड़ी भवन में आयोजित झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री चुनाव तकनीकी कारणों से रद कर दिया गया था, इसके बाद चुनाव समिति ने 15 सितंबर को दोबारा चुनाव कराने का निर्णय लिया।
दोबारा चुनाव होने के कारण प्रत्याशियों में कम उत्साह रहा। दोपहर एक बजे तक कुल 750 वोट डाले गए। इस दौरान दोनों टीमों के प्रत्याशी वोटरों से वोट देने की अपील करते नजर आए। वोटरों की संख्या कम होने पर चुनाव पदाधिकारी बार-बार प्रत्याशियों से वोटरों को फोन कर बुलाने की अपील करते रहे। दोपहर बाद 3 बजे तक लगभग 1400 वोट डाले गए। रांची के सांसद संजय सेठ भी वोट देने पहुंचे। शाम 5 बजे तक 2011 वोट डाले गए।
चुनाव पदाधिकारी विष्णु बुधिया व पवन शर्मा ने बताया कि इस बार चुनाव ऑनलाइन की जगह ऑफलाइन प्रक्रिया से हो रहा है। झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री चुनाव के इतिहास में यह दूसरा मौका है। जब दोबारा वोट डाले जा रहे हैं। इससे पहले 2007-08 में मनोज नरेड्डी और रंजीत टिबड़ेवाल की टीम के बीच चुनाव हुआ था। इसमें तीन-चार बैलेट इधर-उधर होने के कारण चुनाव रद करना पड़ा था।
यह होगी चुनाव प्रक्रिया
मतदान के दौरान प्रत्येक कंप्यूटर के साथ एक प्रिंटर भी लगाया गया। और प्रत्येक कंप्यूटर में पड़े बैलेट का प्रिंट निकालकर सुरक्षित रखा गया। इसका उपयोग किसी भी कंप्यूटर में पड़े मतदान को रैंडम तरीके से चेक करने के लिए किया जाएगा।
चुनाव समिति ने किए दो नए बदलाव
इस बार चुनाव समिति ने चुनाव में दो नए बदलाव किए हैं। पहला, इस बार चुनावी उम्मीदवार दोनों ओर खड़े होकर वोट की अपील नहीं करेंगे। बल्कि इसके लिए विशेष स्टैंड बनाया जाएगा। जहां वे बैठकर वोटरों से वोट की अपील करेंगे। दूसरा, इस बार चुनाव ऑनलाइन की जगह ऑफलाइन होगा।
परिणाम आने में हो सकती है देरी
ऑनलाइन की जगह ऑफलाइन प्रक्रिया से चुनाव होने के कारण इस बार चुनाव परिणाम आने में देरी हो सकती है। चुनाव समिति ने शनिवार को बताया कि देर रात तक चुनाव परिणाम आ सकते हैं। लेकिन किसी विशेष परिस्थिति में चुनाव के अगले दिन चैंबर भवन में मतों की गणना की जाएगी।