लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए करें मतदान
दैनिक जागरण की वोट यात्रा के पांचवें दिन आरोग्य भवन से वोट यात्रा निकली। इस यात्रा को डॉ अजय कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
आज यहां होगी वोट यात्रा
मोरहाबादी मैदान के गांधी प्रतिमा स्थल से कांके रोड स्थित प्रेमसंस मोटर तक जाएगी यात्रा जागरण संवाददाता, रांची : मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए दैनिक जागरण द्वारा चलाए जा रहे अभियान पहला मुद्दा, पहला वोट के तहत गुरुवार को आरोग्य भवन से वोट यात्रा निकाली गई। यह पांचवी वोट यात्रा थी। जिसे आइएमए के पूर्व उपाध्यक्ष डॉ अजय कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह यात्रा आरोग्य भवन से निकलकर आरपीएस हॉस्पीटल तक जाकर फिर वापस लौटी। इस दौरान वोट यात्रा में शामिल युवक-युवतियों ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया और राहगीरों को मतदान के प्रति जागरूक किया। इस दौरान पहले मतदान फिर जलपान नारे के साथ दो पहिए से चल रहे आम और कार में जा रहे खास दोनों तबकों के लोगों से वोट देने की अपील की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित अजय कुमार सिंह ने कहा कि दैनिक जागरण की यह पहल सराहनीय है। जागरण ने मतदाताओं को जागरूक करने के लिए जो अभियान चलाया है, उससे निश्चित ही मतदान प्रतिशत में वृद्धि होगी। जो मजबूत लोकतंत्र के लिए जरूरी है।
उन्होंने कहा, लोकतंत्र में पहली बार कोई मतदान कर रहा हो या दूसरी बार उन्हें यह जानना जरूरी है कि उनके मत की क्या कीमत है। उनका मत उनके भविष्य के लिए कितना सार्थक है। क्योंकि उनके मत से चुनी गई सरकार ही देश की दिशा और दशा तय करेगी। इसलिए सभी वोटरों से अपील है कि जिस पवित्रता से पूजा करते हैं उसी पवित्रता के साथ मतदान करें। क्योंकि हर व्यक्ति के मतदान का महत्व एक ही है। लोकतंत्र को सुढृढ़ करना है तो पूर्ण आस्था के साथ मतदान करना होगा। मतदान से ही सशक्त बनेगा लोकतंत्र
वोट यात्रा में शामिल लोगों ने कहा कि मतदान से ही लोकतंत्र सशक्त होगा। सिद्धनाथ राय ने कहा कि अगर हम मतदान नहीं करेंगे तो अयोग्य उम्मीदवार चुने जाएंगे। जन शिक्षण संस्थान के प्रभारी निखिलेश मैती ने लोगों से वोट की अपील करते हुए कहा कि लोग अधिक से अधिक मतदान करें। तभी लोकतंत्र मजबूत होगा। वनवासी कल्याण केंद्र के तुलसी गुप्ता ने कहा कि सभी मतदाता देश हित, राष्ट्र हित में मतदान करें। एक वोट से पूरे देश का भविष्य तय होगा। अधिवक्ता संतोष कुमार ने कहा कि लोकतंत्र महापर्व है। इस पर्व में सभी की सहभागिता जरूरी है। चुनाव में एक मत से हार जीत होती है। पंकज राय ने दैनिक जागरण के अभियान की सराहना की वहीं अरविंद सिंह ने कहा कि युवाओं को घरों से वोट देने के लिए निकलना चाहिए। इस वोट यात्रा में विकास भारती की ओर से संचालित झारखंड कौशल विकास केंद्र की सभी लड़कियां उपस्थित थीं।